पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

चिकन व्यवसाय पर दिखा कोरोना वायरस का दहशत

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

होली पर्व के दौरान चिकन व्यवसायियों पर कोरोना वायरस का दहशत स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ा। कोरोना वायरस के डर से अधिकांश लोग चिकन की खरीदारी या उसे खाने से परहेज करते दिखे। हालांकि मंगलवार होने की वजह से होली के दिन अधिकांश लोगों ने शाकाहारी भोजन का ही आनंद उठाया। लेकिन, अगले दिन बुधवार को अहले सुबह से ही मांसाहारी भोजन के शौकीन लोगों की मटन की दुकानों पर काफी भीड़ जमी रही। चिकेन व्यवसाय पर काेरोना की दहशत का लाभ उठाते हुए मटन व्यवसायियों ने डिमांड बढ़ता देख मुंहमांगी कीमतों पर मटन की बिक्री की। कई दुकानों पर दोपहर में मटन का स्टॉक गायब हो गया। कीमत अधिक होने के बावजूद लोगों की फर्स्ट चॉइस मटन ही रहा। शहर और ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में मटन की खरीदारी को लेकर लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं बगल में चिकन के काउंटर पर सन्नाटा पसरा रहा। कीमत कम रहने के बावजूद लोग चिकन की खरीदारी से परहेज करते दिखे।

मटन की कीमतों में भारी उछाल के बावजूद स्टॉक हुआ खाली


इससे चिकेन के व्यवसायियों को रंग होली में उड़ा रहा। मटन लेने पहुंचे स्थानीय निवासी संतोष कुमार, ओम कुमार अमित कुमार व डॉ बंधु समेत कई लोगों ने बताया कि कोरोना वायरस के कारण ही वे लोग चिकन की खरीदारी नहीं कर रहे हैं। लोगों ने बताया कि चिकन पर कोरोना वायरस का मंडराता संकट को देखते हुए दुकानदारों ने मटन की कीमत में आम दिनों की अपेक्षा दो से तीन सौ रुपये तक प्रति किलो दाम अधिक बढ़ा दिया है। मटन के अलावा मछली लोगों की सेकंड चॉइस है। दोनों की कीमत में काफी उछाल है। लोगों का कहना है कि मटन की कीमत में काफी उछाल आने के बावजूद वे लोग मटन ही खरीद रहे हैं। भारी डिमांड की वजह से मटन का स्टॉक शहर से ग्रामीण इलाकों तक खाली हो गया। इधर, मटन दुकानदार सलीम समेत अन्य दुकानदारों का कहना है कि होली पर्व को लेकर पहले से ही बकरा की कीमत में काफी उछाला गया था। कीमत बढ़ जाने के कारण ही उनलोगों ने मटन की कीमत बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि जिस अनुसार बाजार में मटन की डिमांड है, उसके अनुसार बकरा की खरीदारी नहीं हो पाई है। यही कारण है कि मटन की कीमत में उछाल आ गया है। दुकानदारों का कहना है कि बकरा पालने वाले लोग भी यह जानते हैं कि कोरोना वायरस के कारण लोग चिकन खाने से परहेज कर रहे हैं। ऐसे में होली में मटन की डिमांड बढ़ी रहेगी। डिमांड बढ़ने के कारण बकरा पालकों ने बकरा की कीमत बढ़ा दी है। बहरहाल, कोरोना वायरस का संक्रमण और मटन की आपूर्ति में कमी के साथ-साथ कीमत में आई भारी उछाल ने मटन के शौकीनों के स्वाद पर पानी फेर दिया है।

खबरें और भी हैं...