दयालचक से गायब हुई युवती बरामद
रतनी पंचायत के दयालचक गांव से गायब हुई शादीशुदा बीस वर्षीय युवती मसौढ़ी से बरामद की गई है। दरअसल होली के दिन शाम में वह अपने गांव से गायब हो गई थी। युवती के पिता ने बताया कि उसकी शादी एक वर्ष पूर्व जहानाबाद शहर में की गई थी, जहां से होली के कुछ दिन पहले ही अपने मायके दयालचक गांव आई हुई थी। लेकिन होली के दिन ही अचानक वह अपने घर से गायब हो गई। काफी खोजबीन किया गया लेकिन कोई पता नहीं चला तब इसकी खबर उसके ससुराल वालों एवं पुलिस को दी गई। उसके पिता ने बताया कि शुक्रवार को उसके मोबाइल पर फोन आया कि उसकी पुत्री मसौढ़ी में है। सूचना पर वह पुलिस के साथ मसौढ़ी पहुंचे जहां से पुलिस ने युवती को बरामद कर थाने ले आई। थाने में आश्चर्यजनक की स्थिति उस समय उत्पन्न हो गई जब युवती ना तो अपने मायके वालों के साथ जाने के लिए तैयार हुई नहीं ससुराल वालों के साथ। थानाध्यक्ष सहित अन्य कई लोगों ने उसे काफी समझाया बुझाया लेकिन वह नहीं मानी। तब थानाध्यक्ष ने युवती एवं उसके पिता से लिखित बयान लेने के उपरांत उसे छोड़ दिया।