किसानों को प्रति एकड़ 20 हजार दे सरकार
लगातार बारिश से किसानों को हुए भारी नुकसान के बाद उन्हें सरकारी मदद की मांग भी तेज होने लगी है। सवर्ण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष भागवत शर्मा ने बयान जारी कर सरकार से किसानों को फौरी मदद देने की मांग की है। उन्होने बताया कि बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसलों के बाद जिले के किसान कराह उठे हैं। अधिकांश किसानों के जीविकोपार्जन का एक मात्र साधन कृषि है। ऐसे में इस प्राकृतिक आपदा के बाद फसलों के बर्बाद होने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। खेतों में बर्बाद हुई अपनी फसल का मंजर देख किसान खून के आंसू रो रहे हैं। अब मदद के आश में वे सरकार की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। शर्मा ने कहा कि सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए किसानों को जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे कराकर मदद देने के लिए त्वरित कदम उठाना चाहिए।
उन्होने कहा कि सरकार को कम से कम प्रति एकड़ 20 हजार रुपये प्रभावित किसानों के लिए मुआबजा दिया जाना चाहिए ताकि वे अपना अस्तितव बचा सकें। उन्होंने कहा कि अगर सरकार किसानों के इस संकट की घड़ी में सहारा नही बनती है तो उनका संगठन सरकार के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होगा।