- Hindi News
- National
- Jehanabad News Increased Congestion In Trains On Patna Gaya Railway Section Passengers Are Forced To Travel Standing At The Gate
पटना-गया रेलखंड पर ट्रेनों में बढ़ी भीड़, गेट पर खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर हैं यात्री
होली का पर्व संपन्न होने के बाद बुधवार से ही लोग अपने-अपने काम पर लौटने लगे हैं। इसका खासा असर पटना-गया रेलखंड की ट्रेनों में दिख रहा है। गुरुवार को भी पटना से गया और गया से पटना की ओर जाने वाली पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों में रेलमपेल भीड़ रही। काफी जद्दोजहद के बाद लोग ट्रेन में प्रवेश कर पा रहे थे। पर्व संपन्न होने के बाद परदेस में काम करने वाले लोग अब अपने काम की जगह पर लौटने लगे हैं। गुरुवार को मखदुमपुर, टेहटा व जहानाबाद के अलावा अधिकांश स्टेशनों पर काफी भीड़-भाड़ का नजारा दिखा। ट्रेन आते ही चढ़ने और उतरने की होड़ मच जा रही थी। भीड़ अधिक रहने के कारण खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को उतरने व चढ़ने में काफी परेशानी हो रही थी। ट्रेन में उम्मीद से अधिक भीड़ रहने के कारण शारीरिक रूप से कमजाेर और छोटे-छोटे बच्चे के साथ सफर करने वाले लोग ट्रेन में प्रवेश करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। जहानाबाद स्टेशन पर अत्याधिक भीड़ देख कई लोग बस स्टैंड की ओर रूख करते भी दिखे। काको से दिल्ली सपरिवार लौट रहे संजय प्रसाद ने बताया कि शाम में ही पटना से दिल्ली के लिए टिकट आरक्षित है। उन्हें हर हाल में पटना पहुंचना है। ट्रेन में काफी भीड़ है। ऐसे में सड़क मार्ग के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। इतनी भीड़ में बच्चे और सामान के साथ ट्रेन में सवार होना संभव नहीं है। पर्व संपन्न होने के बाद दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में भी काफी भीड़ है। काफी मशक्कत के बाद आरक्षित टिकट मिला है। ट्रेनों में बढ़ी भीड़ को देखते हुए जीआरपी ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। नशाखुरानी गिरोहों पर नजर रखने के लिए खुद जीआरपी प्रभारी कृष्ण कुमार मुस्तैद दिख रहे हैं। यात्रियों को दूसरे के दिए भोजन व अन्य सामान न खाने की हिदायत दी जा रही है।