स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड से समय पर उपलब्ध होगा ऋण
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जिले के विभिन्न काॅलेजों के प्राचार्यों व उनके प्रतिनिधियों के साथ शनिवार को एक बैठक कर उच्च व तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने वाले स्टूडेंट्स की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वे जिले में सरकार के सात निश्चय योजना के अंतर्गत चलायी जा रही बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड एवं कौशल विकास योजना से छात्रों को जोड़ने के उद्देश्य से समाहरणालय के सभा कक्ष में महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया गया कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड एवं कौशल विकास योजना सरकार की महत्वकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को उच्च व तकनीकी शिक्षा की पढ़ाई हेतु रियायती दर पर ऋण उपलब्ध कराए जाते है। इस योजना का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन कराने के लिए जिला प्रशासन संकल्पित है क्योंकि यह व्यापक स्टूडेंट्स के हित से जुड़ी एक महत्वपूर्ण योजना है।
दस हजार स्टूडेंट्स की सूची कराई गई उपलब्ध
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी संबंधित छात्र-छात्राओं का डाटा इकट्ठा कर उन्हें डेटा से जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित स्टूडेंट्स का मोबाईल नंबर भी कलेक्ट करने के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य के माध्यम से उन्हे डीआरसीसी में जा कर निबंधन कराने का निदेश दिया जाए। बैठक में उपस्थित प्रधानाचार्य के प्रतिनिधियों द्वारा एसएस कॉलेज, बीबीएम. कॉलेज, एसएनएस. कॉलेज, एएनएस कॉलेज, जहानाबाद कॉलेज जहानाबाद तथा एसकेएम. कॉलेज में लगभग दस हजार छात्र-छात्राओं की सूची उपलब्ध कराई गई। डीएम ने कहा कि सभी चयनित स्टूडेंट्स को उनकी जरूरत के अनुरूप जांचोपरांत उन्हें ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंकों को भी निर्देशित किया गया है। जरूरतमंद बच्चों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों व बैंकों को निर्देश दिया। बैठक में जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, शिक्षा विभाग, जिला योजना पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला प्रबंधक, डी.आर.सी.सी. सहित सभी महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य व प्रतिनिधि उपस्थित थे।
स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा बैठक करते डीएम।