24 घंटों तक कई इलाके अंधकार में डूबे रहे
हुलासगंज| तेज हवाओं व भारी बारिश से प्रखंड क्षेत्र स्थित विद्युत पावर सबस्टेशन के द्वारा संचरित होने वाली विद्युत सेवा रात से अगले दिन शनिवार की शाम तक ठप रही। शुक्रवार की शाम से यानि लगभग चौबीस घंटों से सुल्तानपुर, भगवानपुर, रामपुर व दुर्गापुर आदि क्षेत्रों में विद्युत सेवा पूरी तरह बंद थी। बिजली के अभाव में इन इलाकों में लोगों की दिनचर्या मुहाल हुई है। संवाद प्रेषण तक पूरा इलाका अंधकार में डूबा हुआ था। पानी की सप्लाई बंद थी। मोबाइल चार्ज करना भी दुर्लभ हो गया था। इस संबंध में यहां के लोगों का कहना है कि कर्मचारियों की अदूरदर्शिता के कारण ही इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न हो रही है।