- Hindi News
- National
- Jehanabad News Market Painted In The Colors Of Holi Many Quality Of Pitchers In The Market Shopping Fiercely
होली के रंग में रंगे बाजार: पिचकारियों की कई क्वालिटी की मार्केट में भरमार, जमकर हो रही खरीदारी
रंगों का त्योहार होली 10 मार्च मंगलवार को मनाई जाएगी। लिहाजा बाजार होली के रंगों में रंगने लगा है। रंग-अबीर के साथ ही बच्चों को लुभाने वाली पिचकारियों से बाजार सज गया है। नगर के विभिन्न मोहल्लों में कई छोटी-बड़ी दुकानें सज गई हैं। जहां खरीदारी के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस बार बाजार में बंदूक और पाइपनुमा देसी पिचकारियां ही ज्यादा उपलब्ध है। चाइना निर्मित पिचकारियां काफी कम दिख रही है।
सस्ते गुलाल से लोग कर रहे परहेज
बाजार में विभिन्न कंपनियों की अबीर-गुलाल बिक्री के लिए उपलब्ध है। ब्रांडेड हर्बल गुलाल की ज्यादा डिमांड हो रही है। लोगों का कहना है कि ब्रांडेड गुलाल का उपयोग करने से त्वचा पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है। सस्ते गुलाल में केमिकल और रंग की मात्रा भी होती है। जिसे लगाने से त्वचा पर असर पड़ता है। लिहाजा सस्ते अबीर-गुलाल खरीदने से लोग परहेज कर रहे हैं।
युवाओं के बीच मास्क और कैप का क्रेज
एक ओर बच्चों को रंग और पिचकारियां अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। वहीं युवाओं के बीच तरह-तरह के मास्क और कैप का क्रेज है। रंग-बिरंगी टोपियां युवाओं को खूब पसंद आ रही है और जमकर इसकी खरीदारी हो रही है। इसके अलावा होली में फेस को अलग लुक देने के लिए कृत्रिम मूंछ, दाढ़ी आदि की भी डिमांड बढ़ गया है। शेर बाल, जटा वाला बाल, मिक्की माउस, जोकर, मोटू-पतलू, स्पाइडर मैन के मुखौटे भी बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध है।
होली को लेकर कपड़े की हो रही खरीदारी
होली का त्योहार नजदीक आते ही कपड़ों की खरीदारी भी शुरू हो गई है। त्योहार को देखते हुए कुर्ता-पायजामा की मांग बढ़ गई है। वहीं युवतियों को कुर्ती, टॉप, जिस, सूट आदि ज्यादा भा रहे हैं। दुकानों में हर उम्र वर्ग के लिए त्योहार के लिहाज से कपड़े उपलब्ध हैं। हालांकि, पर्व के गिने-चुने दिन शेष होने के बावजूद अभी उस अनुरुप दुकानों में भीड़ नहीं दिख रही है। जिससे दुकानदार भी परेशान हैं।
देशी पिचकारियां ही खरीद रहे लोग
कहा जा रहा है कि कोरोना वायरस के चलते थोक बाजार में चाइना की पिचकारियां काफी कम संख्या में उपलब्ध है। फलस्वरूप छोटे-छोटे दुकानों में चाइना की पिचकारियां काफी कम नजर आ रही है। लिहाजा देशी पिचकारियां ही बच्चों के लिए उपलब्ध है। जिसमें बंदूकनुमा पिचकारियां बच्चों को खूब पसंद आ रही है। पिचकारियों की बिक्री करने वाले एक दुकानदार ने बताया कि देशी पिचकारियां बच्चों की पसंद बनी हुई है। हथियारनुमा पिचकारियों के साथ ही लाइट वाली पिचकारी की भी डिमांड ज्यादा है। 50 रुपये लेकर 500 रुपये तक की पिस्टलनुमा पिचकारी बाजार में उपलब्ध है।
ब्रांडेड हर्बल गुलाल की ज्यादा है डिमांड, कपड़ा दुकान में कुर्ता-पायजामा की बढ़ी मांग