- Hindi News
- National
- Makhdumpur News Pre Summer Mohallas Will Be Sprayed With Anti Mosquito Drugs
गर्मी के पूर्व मोहल्लों में होगा मच्छरोधी दवाओं का छिड़काव
नगर पंचायत के सभाकक्ष में शुक्रवार को नगर बोर्ड की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद मीना देवी ने किया। उप मुख्य पार्षद रितेश कुमार उर्फ चुन्नू शर्मा ने सभी पार्षदों को भरोसा दिलाया कि शहर के विकास के लिए सभी संभव व जरूरी उपाए किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों व मुख्य सड़क पर कई जगहों के अलावा कार्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। इसके लिए संसाधनों का जुगाड़ किया जा रहा है। इससे शहर की सुरक्षा को बल मिलेगा। साथ ही विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय भी निर्माण कराया जाएगा। शहर को स्वच्छ रखने के लिए आम लोगों को भी जागरूक करने के उपायों पर बल दिया गया। उप मुख्य पार्षद ने कहा कि वे मखदुमपुर शहर के चौमुखी विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। आगे भी बोर्ड के सदस्यों के सहयोग से शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण योजनओं को जमीन पर उतारा जाएगा।
मच्छरोधी दवाओं का भी मुहल्लों में होगा छिड़काव : शहर को स्वच्छ रखने के प्रभावी उपायों के अलावा विकास कार्यों को तेजी देने के लिए भी बोर्ड के सदस्यों ने गहन-विचार विमर्श किया। उप मुख्य पार्षद चुन्नु शर्मा ने बताया कि गर्मी के पूर्व शहर में संक्रामक बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए विभिन्न मुहल्लों में मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव किया जाएगा।
सफाई एजेंसियों को शहर की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देश दिया गया है। हालांकि कई सदस्यों ने शहर के विभिन्न मुहल्लों में गंदगी की समस्या पर भी बोर्ड का ध्यानाकर्षण कराते हुए इस पर कदम उठाने की मांग की। बैठक में उपस्थित नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद बंकटेश शर्मा ने शहर के विकास के लिए कई जरूरी सुझाव से बोर्ड को अवगत कराते हुए उस पर अमल की जरूरत पर भी बल दिया।
उन्हाेने कार्यकाल के दौरान मृत्यु हुए दोनों वार्ड पार्षदों की नगर बोर्ड के सभा कक्ष में तस्वीर लगाने की मांग की जिस पर उपस्थित सभी वार्ड पार्षदों ने सहमति जताई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश पुरी ने पार्षदों के द्वारा उठाए गए जरूरी बिंदुओं को नोट किया। वार्ड सदस्य नीरज कुमार, नवल किशोर शर्मा व ज्योति रानी समेत कई पार्षद एवं कर्मचारी मौजूद थे।
मखदुमपुर नगर पंचायत में बोर्ड की बैठक में उपस्थित अधिकारी व पार्षद