- Hindi News
- National
- Jehanabad News Throwing Leaflet Near The House Of The Hotel Operator Then Demanded Extortion Threatened With Murder
होटल संचालक के घर के पास पर्चा फेंककर फिर मांगी रंगदारी, दी हत्या की धमकी
टेहटा ओपी से महज दो सौ मीटर की दूरी पर टेहटा मेला रोड में भोजन की एक छोटी दुकान चलाने वाले संचालक अशोक प्रसाद के घर और दुकान के पास पिछले एक पखवारे के अंदर लगातार दूसरी बार शरारती तत्वों ने पर्चा फेंककर उससे रंगदारी की मांग की है। मंगलवार की सुबह मिले पर्चे में दुकानदार और उनके पड़ोस में रहने वाले एक बैंक कर्मी प्रदीप कुमार से भी रंगदारी की मांग की गई है। रंगदारी नहीं देने पर अपराधी तत्वों ने हत्या करने की धमकी भी दी है। घर के आसपास एक ही प्रकार का पर्चा मिलने के बाद दुकानदार और बैंक कर्मी का पूरा परिवार दहशत में है।
डरे व सहमे दुकान संचालक ने टेहटा ओपी प्रभारी को पर्चा उपलब्ध कराते हुए इस पूरे मामले की जांच करने एवं सुरक्षा की गुहार लगाई है। संचालक अशोक कुमार ने बताया कि टेहटा टेंपो स्टैंड के समीप उसकी भोजन की दुकान है। मेला रोड में उसका घर है। इसके पहले 25 फरवरी की शाम घर की खिड़की पर एक बंद लिफाफा रखा था। जब उसकी बेटी ने लिफाफा खोला तो देखा कि उसके अंदर एक पर्चा रखा है।
अपराधियों ने पांच लाख रुपए मांगी है रंगदारी
पर्चा में पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। संचालक ने बताया कि पर्चा मिलने के बाद उसने तुरंत स्थानीय पुलिस को वह पर्चा उपलब्ध करा दिया था। लेकिन,अगले दिन सुबह ठीक वही पर्चा की छायाप्रति उसकी दुकान के बाहर भी फेंका हुआ था। दुकान के बाहर ठीक उसी तरह का पर्चा मिलने के बाद वह और उसका परिवार पूरी तरह दहशत में आ गया। दुकानदार का कहना है कि छोटी सी दुकान से वह अपने पूरे परिवार का भरण पोषण करता है। उसकी किसी से दुश्मनी भी नहीं है। ऐसे में पर्चा देकर रंगदारी की मांग करना उसकी समझ से परे प्रतीत हो रहा है। हालांकि पर्चा में जिस तरह से लिखा हुआ है, उससे प्रतीत होता है कि लिखा गया पर्चा किसी शरारती तत्व का करतूत है। पर्चा में भाषा भी ठीक-ठाक नहीं है। इस घटना से मोहल्ले के लोग भी हैरान और परेशान हैं। लोगों को यह समझ में नहीं आ रहा कि आखिर इसके पीछे का राज क्या है। बहरहाल मामला पुलिस की जांच पर टिकी है। होली पर्व के दिन मोहल्ले में फिर से एक नया पर्चा फेंके जाने से पूरे मोहल्ले के लोग परेशान हैं।