बेहतर काम करने वाले दो युवा होंगे सम्मानित
देश से एक सौ चयनित समाजसेवियों में जिले के शुभम एवं बैजनाथ शरण को समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए चुना गया है। दरअसल दोनो ने समाज एवं राष्ट्र को बेहतर संदेश देने वाले कार्य करके अपनी एक बेहतर छवि स्थापित की है। दोनों युवाओ को पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा आगामी 29 मार्च 2020 को हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित विवेकानंद आरोग्य केन्द्र सभागार में सम्मानित करेंगे। उक्त जानकारी देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता राजेश प्रियम ने बताया कि उनकी संस्था पुष्प वाटिका के द्वारा सर्वे के जरिए पूरे देश से आकड़े एकत्रित कर देश के एक सौ चयनित समाजसेवियों को सम्मानित किया जा रहा है। संस्था के द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के सम्मान में 29 मार्च को गुरुग्राम में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश भर से कई प्रमुख व्यक्ति शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा द्वारा देशभर के एक सौ चयनित समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजक राजेश प्रियम ने बताया कि जीवन में मुस्कराने की वजह स्वयं ही ढूंढना पड़ता है। जनहित में कुछ बेहतर करने का सपना निश्चित रूप से जीवन में प्रसन्नता एवं उमंग पैदा करता है लेकिन किसी भी सुनहरे सपने को साकार करने के लिए जीवन में पुरुषार्थ करना पड़ता है। ये समाज सेवी अपने जीवन के कठिन पुरुषार्थ से समाज के जरूरत मंद लोगों की पीड़ा हरने का नित्य प्रतिदिन प्रयास करते हैं। राजेश ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से ऐेसे ही महान विभूतियों का मनोबल बढ़ाया जाए ताकि वे और लगन से समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद कर सकें साथ ही अन्य लोग इनसे प्रेरणा ले सकें।