पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jehanabad News Youth Shot Dead Injured Referred To Patna In Dispute Over Bursting Of Pot In Harilganj

हाेरिलगंज में मटका फोड़ने के विवाद में युवक को मारी गोली, घायल, पटना रेफर

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

होली में मटका फोड़ने के दौरान लड़कों के दो गुटों में हुए विवाद के बाद बदला लेने के फिराक में सक्रिय बदमाशों ने शुक्रवार की शाम शहर के हाेरिलगंज इलाके में सरेआम एक युवक को गोली मार दी। जख्मी युवक स्थानीय निवासी अरविंद गोस्वामी का बेटा राजीव कुमार है। जख्मी अवस्था में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक इलाज होने के बाद उसे विशेष इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। गोली युवक की कमर के नीचे लगी है। कमर के नीचे गोली लगने के कारण युवक खतरे से बाहर बताया जा रहा है। जख्मी अवस्था में युवक ने बताया कि झुमटा के दिन मटका फोड़ने को लेकर होरिलगंज के ही लड़कों से विवाद हुआ था। शुक्रवार की शाम वह अपने कुछ दोस्तों के साथ होरिलगंज से गुजर रहा था। इसी क्रम में सामने से कुछ लड़के आये और अचानक फायरिंग करने लगे। इसी क्रम में उसे भी एक गोली लग गई। गोली लगने के बाद वे लोग फरार हो गए। इधर, फायरिंग की आवाज सुनते ही होरिलगंज इलाके में खलबली मच गई। घर के बाहर खड़े लोग फटाफट अपने-अपने घरों में घुस गए। कुछ लोग जो बाजार से अपने घर की ओर लौट रहे थे, वे पीछे की ओर ही भागने लगे। बदमाशों के भागने के बाद स्थानीय लोगों ने जख्मी को वहां से उठाकर सदर अस्पताल लाया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटना स्थल पहुंची और वहां के आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रभारी थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि जख्मी युवक की हालत खतरे से बाहर है। उसे पटना रेफर किया गया है। फिलहाल उसका फर्दबयान नहीं लिया गया है। पुलिस घटना को अंजाम देने वाले लड़कों की पहचान में जुटी है। पुलिस घटना में शामिल लड़कों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करेगी।

होरिलगंज इलाके में बदमाशों का है दबदबा, पुलिस का नहीं है भय

नगर थाना से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर अवस्थित रहने के बावजूद शहर के होरिलगंज बदमाशों का दबदबा है। इस इलाके के बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ या भय नहीं है। इस इलाके में बमबारी और फायरिंग आम बात हो चुकी है। थोड़ी-थोड़ी सी बात को लेकर इस इलाके में बंदूकें गरजने लगती हैं। 29 फरवरी की शाम की घटना अभी लोगों के जेहन से नहीं उतरी है। उस दिन बदमाशों ने बमबाजी कर पूरे इलाके को दहला दिया था। बमबाजी के साथ-साथ कई राउंड फायरिंग भी की गई थी। बदमाशों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे लोग पुलिस पर भी फायरिंग करने से नहीं हिचकते। 10 को शहर के बतीस भंवरिया के समीप बुलेट पर सवार युवकों को जब पुलिस ने रोका तो वे लोग हवाई फायरिंग कर भागने लगे। इस दौरान जब पुलिस ने एक युवक को खदेड़कर पकड़ा तो उसे छुड़ाने के लिए शरारती तत्व जमा हो गये ।

शराब माफिया के बीच वर्चस्व को लेकर होती रहती है मारपीट: होरिलगंज में लगातार हो रही घटनाओं को लेकर कई चीजें सामने आ रही हैं। बताया जाता है कि होरिलगंज में नदी के किनारे का इलाका शराब माफियाओं का बड़ा सुरक्षित ठिकाना है। शराब माफिया नदी किनारे बड़ी मात्रा में शराब स्टॉक करते हैं और वहीं से होरिलगंज इलाके में शराब की सप्लाई करते हैं। इस इलाके में शराब माफिया कई ग्रूप में बंटे हैं। धंधे पर वर्चस्व को लेकर इनलोगों के बीच अक्सर मारपीट होती रही है। स्थानीय लोग बताते हैं कि नदी किनारे यदि लगातार छापेमारी की जाये तो माफियाओं का अड्‌डा ध्वस्त हो सकता है।

पुलिस घटना को अंजाम देने वाले लड़कों की पहचान में जुटी
खबरें और भी हैं...