आगजनी की जांच करने गई पुलिस पर हमला, जख्मी
होली के अगले ही दिन दुर्गावती थाना क्षेत्र के खरखोली गांव में दो पक्षों के आपसी विवाद को सुलझाने गई पुलिस पर ही गांव के लोग टूट पड़े। जिसमें दुर्गावती थाने में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव जख्मी हो गए। इस मामले में दुर्गावती पुलिस ने 20 नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक दुर्गावती थाना क्षेत्र के खरखोली गांव में गांव के ही लोगों ने बलराम पासवान की झोपड़ी में आग लगा दी। इसके बाद बलराम पासवान ने पूरे मामले की लिखित शिकायत दुर्गावती थाने में दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्गावती पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। इसके बाद गांव के बिंद समाज के लोगों द्वारा पुलिस की कार्रवाई का प्रतिकार किया जाने लगा। गुस्साई भीड़ से पुलिस ने कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की तो लोग पुलिस का ही प्रतिकार करने लगे। जैसे ही पुलिस कार्रवाई करने में जुटी तभी गांव के लोगों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। इस संबंध में गांव के लोगों ने बताया कि पुलिस बेवजह घरों में घुस गई। लिहाजा लेागों का आक्रोश बढ़ गया। उधर पुलिस की मानें तो वह विवाद की सूचना पर तहकीकात करने गई थी। जिसमें सब इंस्पेक्टर विनोद यादव पर ही लोगों ने हमला बोल दिया। जिससे वे जख्मी हो गए। उनके गर्दन में गंभीर चोट आई है। इसकी जानकारी मिलते ही काफी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांव की गलियों में घूम घूम कर कानून का भय दिखाया तब जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस कानूनी कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
झोपड़ी में आग लाग्ने की खबर पर गई थी पुलिस
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि बुधवार की शाम 3:00 बजे खरखोली गांव निवासी बलराम पासवान द्वारा थाने में लिखित आवेदन दिया गया कि उनकी झोपड़ी में आग लगा दी गई है। ऐसे में सब इंस्पेक्टर को पुलिस के साथ मौके पर भेजा गया। जहां गांव के लोगों ने पुलिस पदाधिकारी पर ही हमला बोल दिया। इस मामले में 20 लोगों को चिह्नित किया गया है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। 20 अज्ञात के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ बलराम पासवान ने भी अपनी ओर से मुकदमा दर्ज कराया है। यहां बता दें कि दुर्गावती यूपी की सीमा से सटा हुआ है। पूरे गांव बाजार कस्बे में होली धूमधाम से मनाई गई। इसके अगले ही दिन सुबह में जिस तरह से एक गांव में घटना घटित हुई उससे स्पष्ट होता है कि अभी भी आपसी कटुता लोगों में बरकरार है।