सहकारिता विभाग होगा डिजिटल, दी गई ट्रेनिंग
जिले का सहकारिता महकमा शीघ्र डिजिटल होगा। जिला कार्यालय समेत विभिन्न पैक्स कार्यालय व व्यापार मंडल के कार्यालय पेपर लेस होंगे। समितियों की गतिविधियां भी डिजिटल होंगी। इसकी कवायद शुरू कर दी गई है। विभाग के पदाधिकारियों व कर्मियों को कंप्यूटर संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। इसके साथ ही उन्हें विभाग के दायित्व निर्वाह के साथ कार्यों के निष्पादन की भी जानकारी दी जा चुकी है। हाल ही में जिला सहकारिता कार्यालय में विभाग के पदाधिकारियों व निरीक्षकों को डाटा अपडेशन से संबंधित जानकारी दी गई है। प्रशिक्षक जिला अंकेक्षण पदाधिकारी महेश प्रसाद ने समितियों के अभिलेख के डिजिटल संधारण के तरीके बताएं। तथा उन्हें लेखा संधारण की भी जानकारियां दी गई है। जिला सहकारिता पदाधिकारी रामाश्रय राम ने बताया कि जिले की सभी प्राथमिक कृषि साख एवं सहयोग समितियों को कंप्यूटरीकृत कर फुली डिजिटल किया जाना है। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। विभाग के पदाधिकारियों व कर्मियों को विभिन्न तरह के आंकड़ों के संधारण की जानकारी दी गई।