- Hindi News
- National
- Bhabhua News In The Name Of Increasing The Number The Fraudster Demanded Ten Thousand From The Girl39s Father
नंबर बढ़ाने के नाम पर जालसाज ने छात्रा के पिता से मांगे दस हजार
इंटर की कॉपी पर नंबर बढ़ाने के नाम पर एक छात्रा के परिजनों को फोन कर रुपए मांगने का मामला सामने आया है। वहीं जब परिजनों ने इंकार किया तो उनके बच्ची को फेल कर देने की धमकी दी जा रही है। मामला चांद थाना क्षेत्र के किलनी गांव की है। किलनी गांव निवासी प्रभुशरण श्रीवास्तव ने एसपी दिलनवाज अहमद से मिलकर इसकी शिकायत की है। दिए गए आवेदन में उनके द्वारा बताया गया है कि उनके मोबाइल पर बार-बार अलग-अलग नंबर से कई दिनों से फोन आ रहा है। जिससे कहा जा रहा है कि आपकी बच्ची 12वीं कक्षा में कुछ नंबर से फेल है। आप हमें 10 हजार दे दीजिए ताकि आपकी बेटी का नंबर बढ़ाकर पास करा दिया जाए। उन्होंने कहा है कि हर बार पर अलग-अलग नंबरों के द्वारा उन्हें फोन करके परेशान किया जा रहा है। जिससे वह काफी चिंतित हैं। एसपी को आवेदन देकर उन्होंने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि अक्सर सुनने को मिलता है कि कॉपी जांचने के समय ऐसे फर्जी कॉल लोगों को आने शुरू हो जाते हैं। इस बीच जालसाजो के चक्कर में पड़कर कितने लोग अपने रुपए गंवा बैठते हैं।
एसपी की अपील-जालसाजों के चक्कर में न आवें
एसपी दिलनवाज अहमद ने बताया है कि पीड़ित के आवेदन पर मामले की जांच कर रही है। जो भी आरोपी होंगे जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। उन्होंने लोगों को आगाह रहने की अपील करते हुए कहा है कि लोग ऐसे किसी भी कॉल के चक्कर में ना पड़े। जो कोई भी परीक्षार्थियों को पास कराने का लालच देकर रुपए मांगता हो इसकी सूचना वे तुरंत पुलिस को दें। अन्यथा वे ठगी के शिकार हो सकते हैं।