- Hindi News
- National
- Mohania News People Are Scared Of Corona Are Also Avoiding To Get Out Of The House
कोरोना के डर सहमे हैं लोग, घर से बाहर निकलने में भी करने लगे हैं परहेज
मोहनिया अनुमंडल के लोग इन दिनों कोरोना वायरस को लेकर काफी डरे सहमें हैं। राज्य सरकार द्वारा सरकारी व निजी स्कूलों, पार्कों तथा सिनेमाघरों को आगामी 31 मार्च तक बंद कर देने के बाद आम जनों में कोरोना का डर इस कदर घर कर गया है कि लोग घर से बाहर निकलने में भी परहेज करने लगे हैं। जैसे-जैसे मौसम का मिजाज बिगड़ता जा रहा है और तापमान में उतार चढ़ाव आ रहा है उससे आम जनों के अलावा स्वास्थ्य विभाग की भी चिंता बढ़ती जा रही है। जानकारों का मानना है कि अब कोरोना के खतरे पर मौसम ही अंकुश लगा सकता हैं। अगर तापमान में बढ़ोतरी हुई तो कोरोना के वायरस का प्रभाव कम हो जाएगा। इधर राज्य सरकार द्वारा सभी निजी व सरकारी स्कूलों को आगामी 30 मार्च तक बंद करने का फरमान जारी होने के बाद अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है।
जनप्रतिनिधियों के सहयोग से चलाएं जागरुकता अभियान
सिटी रिपोर्टर | नुआंव
डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी ने बीडीओ अमोल मिश्रा एवं सीओ राज किशोर शर्मा को करोना से निपटने के लिए कई सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि सर्व प्रथम बचाव ही इसका कारगर उपाय है। उन्होंने लोगों को इससे बचाने के लिए जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों को इसके लक्षण व बचाव तथा आवश्यकता पड़ने पर मिलने वाली सरकारी सहायता के बारे में लोगो को बताया जाय।
चेहरे पर लगाएं मास्क
कार्यालय में भी इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। चेहरे पर मास्क का प्रयोग किया जाए। मास्क की अनुप्लब्धता पर रूमाल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। छींकने एवं खांसने वाले व्यक्ति से दूरी बनाकर रखें तथा आम लोगों को भी इसके बारे में जानकारी दें। यह वायरस छींकने या खाँसने से एक दूसरे में फैलता है।
यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में बहुत ही आसानी से प्रवेश कर जाता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक आपदा घोषित हो चुके करोना वायरस को ले सरकार काफी गंभीर है। 31 मार्च तक सरकारी, प्राइवेट स्कूल, कॉलेज व सिनेमा घरों को बंद करा दिया गया है। बीडीओ व सीओ लगातार इसकी मानीटरिंग करें। आदेश का अनुपालन नही करने वालों पर शीघ्र कार्रवाई करें।
लोगों को दी गई कोरोना से बचाव की जानकारी
यही कारण है कि शनिवार को मोहनिया नगर पंचायत प्रशासन द्वारा पूरे नगर क्षेत्र में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को कोरोना वायरस से बचाव की जानकारी दी गई। कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा गांव- देहात में रहने वाले लोग डरे हुए हैं। ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोग अपने बच्चे को खेलने कूदने से भी मना करने लगे हैं। मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल में कोरोना वायरस के लिए अलग वार्ड बनाया गया है। इस वार्ड में चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को नियुक्त किया गया है। इधर, कोरोना वायरस के डर से लोग हर घंटे- दो घंटे पर हाथ धो रहे हैं। हालांकि शनिवार की दोपहर आसमान में धूप निकलने के बाद लोगों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली। कई लोग ईश्वर से मौसम सामान्य करने लिए प्रार्थना करते देखे गए।