अधौरा पहाड़ी पर अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, एक की मौत, 3 जख्मी
अधौरा पहाड़ी पर अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में चालक की घटनास्थल पर ही तड़पकर मौत हो गई जबकि ट्रैक्टर पर सवार रहे तीन मजदूर मामूली जख्मी हो गए।जो घटना के बाद जान बचाकर मौके से भाग निकले। हादसे में मौके पर ही जान गंवा बैठा चालक कुदरा थाना क्षेत्र के भैसोला गांव निवासी स्वर्गीय राधेश्याम सिंह का 20 वर्ष पुत्र विक्रांत कुमार सिंह था। घटना शुक्रवार देर शाम अधौरा थाना क्षेत्र के धरती माई पहाड़ी के समीप की है। बताया गया है कि शुक्रवार देर शाम अधौरा थाना इलाके में जोरदार बारिश हो रही थी। इस बीच अचानक से जोरदार गरज के साथ बिजली कड़की। इसी बीच चालक ने संतुलन खो दिया। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पहाड़ी पर पलट गया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक चालक भगवानपुर से ट्रैक्टर की ट्राली पर एफसीआई का चावल लोड कर अधौरा गया था। शुक्रवार देर शाम चालक वापसी हो रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली कड़कने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना के बाद अधौरा थाना पुलिस चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ ले आई। जहां पोस्टमार्टम बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पिता की मौत के बादे विक्रांत नाना के यहां रहता था
चालक के मामा ने बताया है कि उसके पिता कि करीब 15 वर्ष पहले मौत हो गई थी। वही उसकी मां धर्मशिला देवी की शादी भगवानपुर थाना क्षेत्र के सरैया गांव में दूसरे व्यक्ति से कर दी गई। जिसके बाद वह घर में अकेला रह गया था। उसी समय से वह भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित अपने नाना के घर रहता था। उसके साथ उसकी दो बहन रीना और इनकी भी रहती थी। जिसमें बड़ी बहन रीना की शादी भी हो चुकी है। परमालपुर में वह बचपन से ही रहता था जिसके कारण लोग उसे यही का जानते थे। वह भगवानपुर के टुनटुन पांडे का ट्रैक्टर चलाता था। शुक्रवार को उसकी इच्छा अधौरा जाने के लिए नहीं थी, फिर भी वह एफसीआई का चावल पहुंचाने के लिए अधौरा गया। जहां लौटने के दौरान बिजली के गरजने के कारण वह घबरा गया और इसी बीच अनियंत्रित ट्रैक्टर पलट गया। जिसमें उसकी मौत हो गई।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे राहगीरों ने सूचना अधौरा थाना पुलिस को दी
घटना के बारे में चालक के मामा मंतोष सिंह ने बताया है कि विक्रांत शुक्रवार को भगवानपुर एफसीआई गोदाम से चावल पहुंचाने के लिए अधौरा गया हुआ था। वापस लौटने के दौरान उसके साथ तीन मजदूर भी थे। अधौरा थाना क्षेत्र स्थित धरती माता मंदिर के सामने मुख्य सड़क पर अचानक बिजली गरजने से ट्रैक्टर चालक से अनियंत्रित हो गया और ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चला रहा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं ट्रैक्टर पर सवार तीन अन्य मजदूरों को हल्की फुल्की चोटे आई। घटना के बाद तीनों मजदूर वहां से फरार हो गए। वहीं गंभीर रूप से चोट लगने के कारण देर रात तक चालक तड़पते रहा। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। सुबह करीब 6बजे जब रास्ते से राहगीर गुजरे तो इसकी सूचना चालक के परिजन और अधौरा थाने को दिए।
घटना के बाद मजदूर नहीं भागते तो बच सकती थी जान
मृतक के परिजनों ने बताया है कि अधौरा से लौटने के दौरान ट्रैक्टर पर सवार तीन मजदूर थे। जो घटना होने के बाद वहां से फरार हो गए। पूरी रात वह ट्रैक्टर पलटने के बाद वहीं पड़ा रहा। ऐसी स्थिति में तड़प कर उसकी मौत हो गई। अगर घटना के बाद ट्रैक्टर पर सवार मजदूर वहां से नहीं भागे गए होते तो शायद उसका इलाज कराकर जान बचाया जा सकता था।
ट्रैक्टर की ट्राॅली पर चावल लाद कर अधौरा गया था चालक, वापसी में हुआ हादसा
रोते परिजन
सदर अस्पताल में परिजन