सुनसान जगह पर शिफ्ट होंगे थोक दुकानदार
गुरुवार को थोक सब्जी और फल विक्रेताओं ने सब्जी मंडी पथ में एक दुकान में बैठक की। इस दौरान मौजूद रहे थोक विक्रेताओं ने एक साथ निर्णय लिया कि नगर परिषद के द्वारा भभुआ-कुदरा बाईपास रोड में संजय वाटिका के पीछे शेडनुमा जगह देने के लिए चिन्हित किया गया है, लेकिन वह जगह उनके लिए मुफीद नहीं है। इसलिए वे चिन्हित स्थान पर जाने को तैयार नहीं है।
कहा कि नप प्रशासन उन्हें भभुआ-मोहनिया पथ पर बबुरा गांव के समीप या फिर कब्रिस्तान के बगल में या अखलासपुर बस स्टैंड के आसपास शिफ्ट कर दिया जाए। थोक विक्रेताओं ने इस संबंध में जिलाधिकारी, सदर एसडीओ जन्मेजय शुक्ला के अलावे नप इओ अनुभूति श्रीवास्तव को मांगों का ज्ञापन देकर गुहार लगाई है। व्यवसायियों ने कहा है कि नगर परिषद के द्वारा भभुआ-कुदरा बाईपास रोड में जो जगह चिन्हित किया गया है उसमें महज 12 से 15 दुकानदारों के लिए ही जगह बन पा रहा है। ऐसी स्थिति में फल और सब्जी विक्रेताओं की कुल संख्या अधिक होने से उनकी परेशानियाँ बढ़ जाएंगी।
लगभग 40 से ज्यादा हैं थोक विक्रेता
दूकानदारों ने बैठक के दौरान कहा है कि शहर के लगभग 40 से ज्यादा थोक विक्रेता हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा है कि उनके लिए वैसे सुनसान जगह पर थोक मंडी बनाना सही नहीं है। उन्हें बबुरा या कब्रिस्तान के पास जमीन मिले तो नो एंट्री के झंझट से मुक्त होकर आराम से पूरे दिन बड़े वाहनों से माल मंगाकर बिक्री करते। बैठक के दौरान फल विक्रेता रामायण तिवारी, सब्जी विक्रेता कुतुबुद्दीन राईन, मोहम्मद इम्तियाज राईन, क्यामुद्दीन राईन, निजामुद्दीन राईन, मोहम्मद नसीम फारूकी, याकूब राईन, समियाकत राइन, जअन्य सब्जी विक्रेता मौजूद रहे।
जल्द थोक मंडी नहीं बनने से व्यापारियों को नुकसान
थोक व्यापारियों ने बताया है कि 14 जनवरी को नगर परिषद और जिला प्रशासन के द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए थोक विक्रेताओं की दुकानों को बंद करा दिया गया। यहां जिला प्रशासन और नप का कहना है कि सब्जी मंडी पथ में थोक व्यापारी अपना व्यापार नहीं करेंगे क्योंकि नगर परिषद के द्वारा सब्जी मंडी पथ में फुटकर दुकानदारों के लिए जगह चिन्हित कर दिया गया है। जिनमें वह सब्जी की बिक्री कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ सब्जी मंडी पथ में थोक विक्रेताओं के चलते सब्जी मंडी में बड़े वाहन लगने से हमेशा जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
बैठक करते थोक सब्जी विक्रेता।