चाकू मारने पर कराया था भर्ती, 4 दिन बाद एक्स-रे में गोली लगने की पुष्टि
पांच दिन पूर्व नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव मंदिर चौक के समीप जिस युवक को चाकू मारकर घायल करने के नाम पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया था तीन दिन बाद एक्स रे जांच कराए जाने पर मरीज के शरीर में गोली लगने की पहचान हुई है। सदर अस्पताल के चिकित्सक को यह भनक तक नहीं लगी कि घटना के दिन मरीज को चाकू लगी है या गोली मारी गई है। पुलिस को भी यह पता नहीं चल पाया मरीज को गोली लगी है या चाकू। बाद में मरीज के परिजन जब निजी क्लीनीक में इलाज कराया तो चिकित्सक के द्वारा एक्स रे करने के निर्देश पर एक्स रे कराने के बाद छाती के नीचे गोली फंसी होने की बात सामने आयी। पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर रही है।
अंकित अग्रवाल पर अपराधियों ने किया था हमला
8 मार्च को शिव मंदिर चौक निवासी अंकित अग्रवाल पर शिवमंदिर चौक पर अपराधियों ने पीछे से हमला कर दिया था। हमला के बाद वह किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचा और घरवालों को कहा कि उसे गोली लगी है। अंकित के परिजन गोविंद राम अग्रवाल ने उसे लेकर सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया। तत्कालीन ड्यूटी पर तैनात अस्पताल के चिकित्सक ने यह कहकर ड्रेसिंग कर दिया कि इसे गोली नहीं लगी है बल्कि चाकू मारा गया है।
अंकित के द्वारा बार बार कहने पर कि उसे गोली लगी है, लेकिन चिकित्सक ने उसकी बातों को दर किनारे करते हुए पुलिस को भी बता दिया कि इसे गोली नहीं लगी बल्कि चाकू मारा गया है। बाद में अंकित के परिजन ने निजी चिकित्सक से दिखाया तो चिकित्सक ने एक्स रे कराने की सलाह दी और एक्स रे रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो गया कि अंकित अग्रवाल के पीठ पर चाकू नहीं बल्कि गोली मारी गई है। अंकित अग्रवाल का जब सिटी स्कैन कराया गया तो चिकित्सक ने सिटी स्कैन के रिपोर्ट के आधार पर कहा कि छाती के नीचे गोली फंसी होने के कारण उसे लंग्स में भी पानी हो गया है।