- Hindi News
- National
- Katihar News Roster Ready Solution Will Be On The Spot Under Special Gram Sabha
रोस्टर तैयार, विशेष ग्रामसभा के तहत ऑन द स्पॉट होगा समाधान
अब ग्रामीणों की समस्याओं ऑन द स्पॉट हल किया जाएगा। इसके लिए विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर ग्राम पंचायतों में संचालित सभी कार्यक्रम एवं योजनाओं संबंधित जानकारी ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा विशेष ग्रामसभा का उद्देश योजनाओं के क्रियान्वयन में होने वाली समस्याओं की जानकारी भी प्राप्त करने के साथ-साथ सरकार से लोगों की अपेक्षा का आकलन करने का भी प्रयास किया जाएगा। जिलाधिकारी कंवल तनुज के निर्देश पर विशेष ग्रामसभा के लिए जिलास्तर पर प्रखंडों के लिए रोस्टर तैयार किया गया है। रोस्टर के अनुरूप जिले के 16 प्रखंडों के 238 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पंचायती राज पदाधिकारी सहित पंचायत सचिव को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। कटिहार प्रखंड के 6 पंचायत में 16 मार्च से 24 मार्च तक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। हसनगंज प्रखंड में 16 से 20 मार्च, डंडखोरा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में 23 से 28 मार्च, प्राणपुर में 16 से 28 मार्च, कोढ़ा में 16 से 31 मार्च, फलका में 16 मार्च से 30 मार्च, समेली में 16 मार्च से 24 मार्च, कुरसेला में 16 से 21 मार्च, बरारी में 16 से 28 मार्च, मनिहारी एवं अहमदाबाद प्रखंड में 16 से 30 मार्च, कदवा में 16 से 4 अप्रैल, आजमनगर प्रखंड में 23 मार्च से 13 अप्रैल, बारसोई में 23 मार्च से 15 अप्रैल, बलरामपुर में 23 मार्च से 11 अप्रैल, मनसा ही में 23 से 30 मार्च तिथि निर्धारित किया गया है। ग्राम सभा की बैठक के आयोजन की सूचना, बैठक में सदस्यों की उपस्थिति, महिला- पुरुष अनुपात और बैठक की कार्यवाही का अनुश्रवण के लिए बिहार ग्राम स्वराज योजना सोसायटी द्वारा विकसित सॉफ्टवेयर से किया जाएगा।
जिसमें ग्राम सभा के सदस्यों की संख्या के आधार पर 15 से 25 सदस्यों की प्रतिक्रिया फीडबैक फॉर्म में संलग्न कर ऑनलाइन भेजी जाएगी। ऑनलाइन फॉर्म भरने में पंचायत कार्यपालक सहायक, प्रखंड कार्यपालक सहायक एवं जिला स्तर के प्रोग्रामर सहायता करेंगे।
लगाए जाएंगे काउंटर | विशेष ग्राम सभा का आयोजन में लोक शिकायत निवारण लोक सेवा अधिकार स्वास्थ्य शिक्षा श्रम समस्या मनरेगा जीविका कृषि पशुपालन समाज कल्याण कल्याण और पंचायती राज के काउंटर लगाए जाएंगे प्रत्येक काउंटर पर संबंधित विभागों के प्रखंड स्तरीय कर्मी को प्रतिनियुक्त किया जाएगा साथ ही प्रत्येक काउंटर पर संबंधित विभाग से किसी भी प्रकार की समस्याओं की जानकारी भी उपलब्ध कराने का दायित्व सौंपा गया है।
विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजना को मिलेगा बल
बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के मुख्य सचिव के पत्र के आलोक में पंचायत स्तर पर विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं एवं जनसाधारण की आकांक्षाओं के आकलन के लिए विशेष ग्राम सभा के आयोजन के लिए निर्देश दिया है। इसे पंचायत स्तर पर विभिन्न प्रकार के समस्याओं के निदान एवं योजनाओं का सही क्रियान्वयन में बल मिलेगा।
के तनुज, डीएम