- Hindi News
- National
- Katihar News Satyagraha On The Demand For Implementation Of Vending Act 2014
वेंडिंग एक्ट-2014 लागू करवाने की मांग पर सत्याग्रह
प्रदेश कामगार कांग्रेस के तत्वावधान में प्रदेश अध्यक्ष राजेश गुरनानी के नेतृत्व में दूसरे दिन भी दस सत्याग्रही आमरण अनशन पर बैठे रहे। सत्याग्रहियों की मांग है कि वेंडिंग एक्ट-2014 को लागू किया जाए ताकि कामगार पुलिसिया आतंक से मुक्त होकर स्वाभिमान के साथ अपनी आजीविका का निर्वहन कर सके।
टाउन वेंडिंग कमेटी, टाउन लेबल फेडरेशन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जिला जागरण मंच आदि संगठनों ने भी गुरुवार से शुरू हुए सत्याग्रह को समर्थन दिया है। राजेश गुरनानी ने कहा कि भूमिहीनों, फुटपाथ दुकानदार, रिक्शा चालकों, सब्जी विक्रेताओं, घरेलू कामगारों, कुलियाें, मजदूरों, नाई एवं धोबी समाज, विश्वकर्मा समाज जैसे रोजाना कमाकर खाने वाले कामगार आज इस एक्ट लागू नहीं होने से पुलिसिया आतंक से मारे-मारे फिर रहे हैं।
गुरुवार से शुरू हुए आमरण अनशन कार्यक्रम में 9 सूत्री मांगों को पूर्ण किये जाने की आवाज उठी। जिसमें वेंडिंग एक्ट 2014 को कटिहार में पूर्णत: लागू करने के साथ ही सभी करीब 5 हजार दुकानदारों को वेंडिंग जाने में परिचय पत्र के साथ बसाने, समाहरणालय के बाहरी परिसर के मार्केटिंग कांप्लैक्स तथा मिरचाईबाड़ी के 105 दुकानदारों को अविलंब व्यवस्थित करने, भूमिहीन कामगारों को भूमि की व्यवस्था करने, रेल क्षेत्र के फुटपाथी दुकानदार को बिना पुनर्वास नहीं हटाने, महिलाओं में ग्रुप लोन को अविलंब बैंक से दिलवाने तथा कामगारों के लिए जीवन बीमा आवश्यक किए जाने की मांग आदि शामिल है।
सत्याग्रह में दस लोग बैठे
शुक्रवार को अलौकिक सत्याग्रह सह आमरण अनशन में राजेश गुरनानी, अखिलेश झा के अलावे कनीज फातिमा, रेखा देवी, अमर राज प्रसाद, अरविंद कुमार सिंह, रंजन यादव, अमर सिंह, मो नसरूद्दीन, चंद्रभूषण ठाकुर, सुशीला देवी तथा रेणु देवी एक दिवसीय भूख हड़ताल में शामिल हुए। गुरुनानी ने कहा कि आमरण अनशन शनिवार को भी जारी रहेगा।
समाहरणालय के समक्ष आमरण अनशन पर बैठे कामगार कांग्रेसी व अन्य।