- Hindi News
- National
- Khagaria News Bus And Truck Coming From Begusarai To Bhagalpur Via Khagaria Two Killed
खगड़िया के रास्ते बेगूसराय से भागलपुर आ रही बस व ट्रक में टक्कर, दो की मौत
{खगड़िया के चार लाेग हुए घायल
एनएच-31 पर बुधवार देर शाम बेगूसराय से भागलपुर आ रही बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में ट्रक चालक सहित दो की मौत हो गई। वहीं 19 यात्री घायल हो गए। मृतक ट्रक चालक किशन शर्मा गोरखपुर का रहने वाला था। वहीं, एक अन्य मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। यात्रियों ने बताया कि बस चालक की लापरवाही से दुर्घटना हुई। घटना के बाद बस चालक और खलासी फरार हो गए। पुलिस दोनों का पता लगा रही है।
घटना की सूचना पर भवानीपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को पीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया है।
वहीं, दुर्घटना की सूचना पर बीडीओ अजय प्रकाश राय, सीओ रामजी पासवान, पंसस राजेश यादव, प्रमुख प्रतिनिधि मंटू यादव, नगरपारा उत्तरी पंचायत के मुखिया नरेन्द्र कुमार नीरज आदि मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलाें में कन्हैयाचक परबत्ता के बरुण कुमार यादव, गाेविंदपुर महेशखूंट के बिनय कुमार, महेशखूंट के चंदन कुमार अाैर खगड़िया के निरंजन कुमार शामिल हैं।