नवसृजन महापुरश्चरण साधना अनुष्ठान की पूर्णाहुति
मानसी प्रखंड के छोटी बलहा स्थित गायत्री प्रज्ञापीठ में मंगलवार को 40 दिवसीय नवसृजन महापुरश्चरण साधना अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम ऋषिपुत्र सुदाम सुदर्शन के नेतृत्व में मुख्य यजमान राजीव कुमार सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार से हवन की शुरुआत की। अखिल विश्व गायत्री परिवार मानसी के युवा संयोजक संतोष कुमार ने कहा कि बसंत पंचमी से फाल्गुन पूर्णिमा तक चलने वाले 40 दिवसीय साधना अनुष्ठान से विश्व में नवसृजन की गतिविधियों को शक्ति एवं संरक्षण तथा युग परिवर्तन के क्रियान्वयन को सक्रियता/शीघ्रता प्राप्त होगी। हवन यज्ञ के बाद व्रतधारियों ने रंगोत्सव का महापर्व होली मनाकर वैश्विक शांति व सौहार्द की कामना की। इसके बाद अमृतासन (खिचड़ी) का भंडारा किया गया। इस अवसर पर रंजीत कुमार, अनुराग कुमार, वैष्णवी आर्य, राकेश यादव, अशोक राम, घुरन साह, किशोर प्रसाद साह, राजकिशोर महतो, सीता देवी सहित अन्य श्रद्धालु
उपस्थित थे।
पूजा- पाठ करते प्रज्ञा पीठ के सदस्य।