- Hindi News
- National
- Khagaria News Every Arrangement Of Sadar Hospital In Icu Is Hollow Of The Government39s Claim Kumar Bhanu Pratap
आईसीयू में है सदर अस्पताल की हर व्यवस्था सरकार का दावा खोखला : कुमार भानू प्रताप
सदर अस्पताल की लचर व्यवस्था के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना समाप्ति के बाद सिविल सर्जन और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को 14 सूत्री मांग-पत्र भेजा गया। इसमें बिहार सरकार की लापरवाही को देखते हुए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुमार भानू प्रताप उर्फ गुड्डू पासवान ने की। धरना सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने एक-एक कर सदर अस्पताल की कमियां गिनाई और सवाल उठाया कि
आखिर इतनी अव्यवस्था के बीच अस्पताल का संचालन कैसे किया जा रहा है। उधर बिहार सरकार बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था का दंभ भर रही है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल की हर व्यवस्था आईसीयू में है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि सदर अस्पताल में अभी डॉक्टरों के 35 पद स्वीकृत हैं, लेकिन उनकी जगह मात्र 6 डॉक्टर ही कार्यरत हैं। पर्याप्त सफाई कर्मी नहीं होने के कारण सदर अस्पताल की सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। अस्पताल के 100 बेड में से 50 प्रतिशत बेड जर्जर हैं। पर्याप्त मात्रा में निःशुल्क दवा उपलब्ध नहीं होने के कारण गरीब मरीजों को आवश्यक दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सिटी स्कैन, एमआरआई जैसे महत्वपूर्ण जांच की व्यवस्था नहीं होने से मरीजों को दूसरे शहरों में जाना पड़ता है।
पर्याप्त संख्या में नर्स नहीं होने के कारण नवजात शिशुओं की देखभाल नहीं हो पाती है। जो भी नर्स उपलब्ध हैं उनमें कई सदर अस्पताल के बाहर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ केन्द्रों में प्रतिनियुक्त कर दी गई हैं। अस्पताल में मरीज के परिजनों के लिए ठहराने की व्यवस्था नहीं है। नवजात शिशु के लिए एसएनसीयू में वातानुकूलित व्यवस्था नहीं है। ड्रेसर की संख्या भी अपर्याप्त है। कैंटिन के लिए भवन होने के बावजूद कैंटिन नहीं चल रहा है।
धरना में पूर्व जिलाध्यक्ष सुजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष बुद्धदेव प्रसाद यादव, जिला प्रवक्ता अरुण कुमार, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रसेनजीत, एनएसयूआई
के जिलाध्यक्ष गौरव कुमार, नगर अध्यक्ष रौशन चन्द्रवंशी, रूपेश कुमार, मनोज चौधरी, वीरेंद्र मोहन झा, गायत्री भारती, बबीता कुमारी, गजेन्द्र नारायण सिंह आदि
शामिल थे।
कांग्रेस ने मानसी पीएचसी में व्यवस्था बेहतर करने की मांग की
मानसी | कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को मानसी पीएचसी में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन कर सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की गई। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजीव कुमार रंजन ने बताया कि प्रखंड स्तरीय अस्पताल एवं पंचायत स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानसी में मात्र 2 एंबुलेंस है जो क्षेत्र के हिसाब से कम है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती होने वाले मरीज के लिए समुचित बेड की भी सुविधा नहीं है। वहीं डॉक्टर एवं महिला डॉक्टर की कमी व सैदपुर एवं बलहा अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर की अनुपलब्धता सहित बलहा अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र में चहारदीवारी की अभाव को पूर्ण करने का मांग की गई। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष राजीव कुमार रंजन, प्रखंड उपाध्यक्ष संतोष कुमार चंद्रवंशी, जिला महासचिव धीरेंद्र प्रसाद सिंह, अर्जुन मंडल, ललन शर्मा, बच्ची देवी, प्रमिला देवी, चिंता देवी, कोको दास, श्याम किशोर यादव ,राजू मंडल, उपेंद्र रजक, श्रीराम पोद्दार सहित अन्य उपस्थित थे।
पार्टी के निरीक्षण में चौथम सीएचसी में एक भी चीज नहीं मिली दुरुस्त : सुनील सिंह
चौथम| स्वास्थ्य विभाग में अनियमितता और कुव्यवस्था का आरोप लगाकर कांग्रेस की प्रखंड इकाई ने शुक्रवार को चौथम सीएचसी के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता व कमेटी के पदाधिकारी कर रहे थे। इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सीएचसी में स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी 10 बिंदुओं की समीक्षा की थी। इसमें सीएचसी में सफाई का घोर अभाव देखा गया। वार्ड व शौचालय की सफाई, मरीज के बेड पर साप्ताहिक सतरंगी चादर का अभाव देखा गया। ओपीडी एवं इमर्जेंसी स्वास्थ्य सेवा के लिए डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की कमी पाई गई। वहीं पैथोलॉजी जांच, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन की सुविधा नहीं मिली। सिंह ने कहा कि ओपीडी एवं इमर्जेंसी सेवा के लिए जीवन रक्षक दवाआें की भी कमी पाई गई। सीएचसी में इमरजेंसी के लिए डॉक्टर, ड्रेसर, कम्पाउंडर भी नहीं मिले। इमर्जेंसी के रोगियों को समुचित इलाज के अभाव में अक्सर रेफर कर दिया जाता है। वहीं नवजात शिशु के सुरक्षित रख-रखाव की समुचित व्यवस्था नहीं देखी गई। धरना सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के जिला प्रभारी शोभाकांत चौधरी ने कहा कि आम जनता की बुनियादी स्वास्थ्य सुविधा के प्रति सरकार की उपेक्षित नीति सुशासन की दावेदारी को चुनौती दे रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष लाल बिहारी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के दावों की भूल-भुलैया से जनता ऊब चुकी है। गोगरी प्रखंड अध्यक्ष जयकांत सिंह निषाद ने कहा कि उद्घाटन के चार साल बाद भी चौथम में सीएचसी स्तर की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है। सीएचसी भवन दिखावा भर रह गया है। मौके पर पार्टी नेताओं में महेंद्र त्यागी, फिरोज आलम, चंद्रभानू सिंह, रामदेव सिंह, जयनारायण सिंह, चंद्रकांता देवी, दिनेश सिंह, शिवजी गोस्वामी, सागर प्रसाद, अशोक भगत, साहेब सिंह उपस्थित थे।
स्वास्थ्य सुविधा में सुधार के लिए कांग्रेस का धरना
बेलदौर | कांग्रेस ने शुक्रवार को पीएचसी में सुविधा बहाली की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। मौके पर वक्ताओं ने पीएचसी में व्याप्त कुव्यवस्था की ओर पीएचसी प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट करते हुए सुधार का अल्टीमेटम दिया। वक्ताओं ने पीएचसी में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सिटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ ही मरीजों को बुनियादी सुविधा देने पर जोर दिया। वहीं पीएचसी में बेड बढ़ाने, रेफर करने पर रोक लगाने, दवा उपलब्ध करवाने, कर्मियों की उपस्थिति सहित सफाई पर जोर दिया। प्रदर्शन का पर्यवेक्षण पार्टी के बेलदौर प्रखंड प्रभारी प्रीति वर्मा व सूर्यनारायण वर्मा ने किया। धरना में पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष मुरारी सिंह, उपाध्यक्ष हर्ष कुमार उर्फ जनार्दन सिंह, जयप्रकाश सिंह, निरंजन कुमार निराला, उमारंजन उर्फ रतन सिंह, फुलचंद शर्मा, शंकर मुखिया, रंजीत शर्मा, भवेश कुमार, सुनील कुमार, आदि ने भाग लिया। धरना के बाद पार्टी के शिष्टमंडल ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व बीडीओ को ज्ञापन सौंपा।
सीएस कार्यालय पर धरने को संबोधित करते कांग्रेस जिलाध्यक्ष।
चौथम सीएचसी के समक्ष धरना पर बैठे कांग्रेसी।