पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

होली पर हुए विवाद को ले दर्जनों राउंड फायरिंग

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

होली की रात से सुलग रहे मामूली विवाद के कारण थाना क्षेत्र के चकहुसैनी में गुरुवार की मध्य रात्रि को अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस दौरान करीब 3 दर्जन चक्र गोलियां चली। पुलिस ने घटनास्थल से 9 खोखा और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए। पीड़ितों का आरोप है कि सूचना देने के बाद पुलिस देर से घटनास्थल पर पहुंची थी। इस वजह से लोगों ने हंगामा भी किया। हालांकि एसडीपीओ आलोक रंजन के समझाने पर लोग शांत हुए। मारपीट में दोनों पक्ष से दो लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में एक लाल बहादुर सिंह और दूसरा रसोंक निवासी नीतीश कुमार शामिल हैं। एक पक्ष के जतिन एवं उनके परिजनों ने फायरिंग करने वाले पक्ष के नीतीश कुमार को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है। वहीं पुलिस ने जमीन पर बिखरे खोखा व जिंदा कारतूस बरामद किए।

बताया जाता है कि होली के दिन चकहुसैनी निवासी जतिन कुमार और सनमुन कुमार एवं उनके साथी के साथ किसी बात को लेकर झड़प हुई थी। इसमें जतिन की पिटाई की गई थी। दूसरे दिन जतिन ने भी उनलोगों के साथ मारपीट की। इसके बाद गुरुवार की रात आरोपी एवं उनके सहयोगियों के द्वारा करीब तीन दर्जन चक्र गोलियां चलाई गईं और मारपीट की गई। हालांकि किसी को गोली लगने की सूचना नहीं है। हालांकि गोलीबारी से लोगों में दहशत है।

मामले में जतिन कुमार के पिता अरविंद सिंह ने थाने में आवेदन देकर रसोंक निवासी नीतीश कुमार, चकहुसैनी निवासी दीपक कुमार, आदित्य अमन उर्फ मिट्ठू, सनमुन कुमार, आयुष कुमार गोलू, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, रौशन कुमार को नामजद और करीब 50 अज्ञात के विरुद्ध मारपीट, करीब सौ चक्र फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं दूसरे पक्ष से सनमुन कुमार ने भी मानसी थाने में आवेदन देकर जतिन कुमार एवं आकाश कुमार सहित अन्य को नामजद करते हुए गाली-गलौज, मारपीट, 5 हजार रुपए और चेन छीनने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। मानसी के सहायक दारोगा विपिन सिंह ने बताया कि दोनों ओर से मिले अावेदन के आधार पर जांच की जा रही है।

पुलिस द्वारा बरामद खोखा।
खबरें और भी हैं...