हर्षोल्लास के साथ मनाई होली चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
गोगरी एवं आसपास के इलाके में छिटपुट घटनाओं के बीच रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने जमकर होली खेली और परंपरा को जीवित रखते हुए पारंपरिक अंदाज में होली का आनंद लिया। इस मौके पर कई जगहों पर युवाओं ने कुर्ता-फाड़ और कीचड़युक्त होली खेली। युवाओं ने टोली बनाकर होली का हुड़दंग मचाया। गोगरी के लक्ष्मीनगर हाट, रजिस्ट्री चौक, गोगरी बाजार, जमालपुर, मुश्कीपुर, फतेहपुर, शिसवा सहित कई इलाके में होली के मौके पर पूर्वाह्न में गोबर व कीचड़ से होली खेली। वहीं अपराह्न में लोगों ने रंग-गुलाल का आनंद लिया। युवाओं ने बड़ों के चरणों में गुलाल लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और हम उम्र को गुलाल लगाकर गले मिलकर बधाई दी।
उधर होली के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सुभाष चंद्र मंडल व एसडीपीओ प्रमोद कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासन की टीम भी लगातार गश्ती करती नजर आई। शांतिपूर्ण तरीके से होली संपन्न कराने को लेकर डीसीएलआर मो. मोस्तकीम, प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार दास, अंचलाधिकारी कुमार रविंद्रनाथ, इंस्पेक्टर दीपक कुमार यादव, थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आदित्य कुमार आदि लगातार पुलिस पदाधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति का जायजा लेते रहे।