आरओबी नहीं होने से पश्चिमी केबिन ढाला पर लगता है जाम
महेशखूंट | महेशखूंट स्टेशन के पश्चिमी केबिन ढाला पर आरओबी का निर्माण नहीं होने से आए दिन जाम लगता है। इससे घटना दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थिति तो बदतर तब हो जाती है जब पश्चिमी केबिन ढाला बंद होता है और ढाला के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। लोगों को ढाला के खुलने का काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है और वाहनों का परिचालन ठप पड़ जाता है। पश्चिमी केबिन ढाला पर आरओबी निर्माण को लेकर कई दफे पूर्वोत्तर रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति के द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया। बावजूद आज तक रेल प्रशासन का ध्यान इस और नहीं गया है। आरओबी के अभाव में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कोई उपाय रेलवे नहीं कर रहा है। महेशखूंट-अगुवानी मुख्य मार्ग होने के कारण इस रोड पर हमेशा वाहनों की भीड़ रहती है।