माेहनपुर में ग्रामीण बैंक के सीएसपी में 50 हजार की लूट
चौथम थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में मंगलवार को बदमाशों ने ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक विपिन कुमार के साथ मारपीट कर बैग से 50 हजार लूट लियेे। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी भी की। मामले में पीड़ित सीएसपी संचालक ने घटना को लेकर गांव के ही कारी सिंह, वरुण सिंह, गुलशन सिंह सहित तीन अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध चौथम थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि सभी अपराधी ग्राहक सेवा केंद्र में घुसकर गाली गलौज करते हुए राइफल खरीदने के लिए डेढ़ लाख की मांग की। रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। वहीं अलौली थाना क्षेत्र के अलौली- बखरी मुख्य मार्ग स्थित बथनाहा चिमनी के समीप अपराधियों ने सोमवार को एक बाइक सवार फाइनेंस कर्मी से हथियार के बल पर 89 हजार लूट लिया।
बताया जाता है कि समस्तीपुर के उजियारपुर थाना क्षेत्र स्थित पंचपैका गांव निवासी छोटू कुमार एलएंडटी फाइनेंस कंपनी में कार्य करता है। सोमवार को मछड़ा गांव से राशि वसूली कर अलौली स्थित बैंक में जमा करने
जा रहा था। इस दौरान चिमनी के समीप पूर्व से घात लगाए तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर नकदी लूट ली। मामले में पीड़ित ने स्थानीय अलौली थाना में लूट की शिकायत दर्ज कराई है।