खुलेआम घूम रहे गोलीबारी के आराेपी, दे रहे धमकियां
पार्षद भी आरोपी, लोगों ने एसडीओ से की शिकायत
होली के मौके पर गोगरी थाना परिसर से महज 200 मीटर दूर कुर्मी टोले में मारपीट व गोलीबारी की घटना के आरोपियों को गोगरी पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जबकि आरोपी खुलेआम गांव में घूमकर लोगों को केस उठाने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सिर्फ कार्रवाई की बात कह रही है। ऐसे में ग्रामीणों को अप्रिय घटना का भय सता रहा है।
उक्त बातें शुक्रवार को गोगरी एसडीओ सुभाषचंद्र मंडल को दिए आवेदन में स्थानीय ग्रामीणों ने कही है। दर्जनों ग्रामीणों ने एसडीओ को आवेदन देकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर 16 मार्च से पुलिस के विरोध में आमरण अनशन करने का अल्टीमेटम दिया है। कुर्मी टोला निवासी प्रिंस पटेल, पुरण कुमार, विकास कुमार, विद्यानंद मंडल, पवन कुमार, जितेंद्र कुमार, शिव मंडल, उपेंद्र मंडल, संजय पटेल, अमित कुमार, नंदन मंडल सहित दर्जनों लोगों ने आवेदन में कहा है कि आरोपी स्वतंत्र रूप से घर व गांव में लोगों को लगातार धमकी दे रहा है। लेकिन पुलिस चुप बैठी है।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो 16 मार्च से आमरण अनशन का अल्टीमेटम देते हुए ग्रामीणों ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। बताते चलें कि होली के मौके पर कुर्मी टोले में दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इसके बाद स्थानीय वार्ड पार्षद समेत कई लोगों के विरुद्ध गोलीबारी करने का आरोप लगाया गया। लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई।