- Hindi News
- National
- Gogari News Railway Engaged In Rescue From Corona Sanitation Of Station Three Times Daily
कोरोना से बचाव में जुटा रेलवे, रोज तीन बार स्टेशन का किया जा रहा सेनेटाइजेशन
कोरोना वायरस को लेकर खगड़िया में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। रेलवे ने भी इसको लेकर शनिवार से अभियान छेड़ दिया है। खगड़िया जंक्शन की प्रमुख जगहों को रोजाना तीन शिफ्टों में सेनटाइज किया जा रहा है। रेलवे स्वास्थ्य विभाग की टीम खगड़िया जंक्शन में उन जगहों पर जहां यात्रियों के हाथ लगते हैं, उस पर दवा का छिड़काव कर सेनेटाइज करने का काम कर रही है। कोरोना को लेकर रेलवे अपने स्तर पर पूरी सतर्कता बरत रहा है।
इसके साथ ही रेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता काउंटर बनाने की बात कही जा रही है। जंक्शन पर पर्चे बांटने के साथ ही अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
जिलास्तरीय अधिकारियों की सभी तरह की बैठकें भी हुई स्थगित
कोरोना वायरस के लिए जहां रेलवे की तरफ से तैयारी जोरों पर है वहीं जिला प्रशासन भी अपने स्तर से लगा हुआ है। डीएम आलोक रंजन घोष खुद इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग व जिला टास्क फोर्स से जानकारी हासिल कर रहे हैं।
राज्य सरकार से निर्देश मिलने के बाद डीएम ने सभी सरकारी कार्यालय के प्रमुखों को सर्कुलर जारी करते हुए कार्यालय के समय जमावड़ा नहीं लगाने को कहा है। ज्ञात हो कि राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार की देर शाम एडवाइजरी जारी होने
के बाद खगड़िया जिलाधिकारी ने 22 मार्च को बिहार दिवस कार्यक्रम के साथ लेकर शनिवार को जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक भी रद्द कर दी।
जागरूकता के जरिए यात्रियों को मिलेगी जानकारी
खगड़िया रेलवे के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक संतोष पोद्दार ने बताया कि कोरोना की रोकथाम सतर्क रहकर की जा सकती है। इसके लिए जरूरी है कि लोगों को सही जानकारी मिले। उन्होंने बताया कि रेलवे स्वास्थ्य विभाग अब खगड़िया जंक्शन पर सेनेटाइज के साथ जागरूकता शिविर का भी आयोजन करेगा, ताकि यात्रियों को इससे बचने के सही-सही उपाय बताया जा सके। उन्होंने कहा कि लोगों को सोशल मीडिया की अफवाह से बचना चाहिए।
कोरोना से घबराने की नहीं है जरूरत : डीएम
जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने बताया कि कोरोना को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से तैयारी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि रेल प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग को इसको लेकर अलर्ट मोड में रखा गया है। डीएम ने जिलेवासियों से अपील कर कहा कि वे अफवाहों से घबराएं नहीं। लोग सतर्कता से इससे बच सकते हैं।
मास्क लगाएं, दिन में 10 बार हाथ साफ करें : डॉ. संजय
सरकारी कार्यालयों में जमावड़ा लगाने पर रोक का दिया गया है निर्देश
स्वस्तिम हॉस्पिटल में मरीज व उनके परिजनों के बीच बांटा गया मास्क।
रेलवे स्टेशन परिसर को सेनेटाइज करते स्वास्थ्य कर्मी
गोगरी | स्वस्तिम हास्पिटल एंड स्टोन क्लीनिक जमालपुर गोगरी में डॉ. संजय कुमार एवं डॉ. टि्वंकल द्वारा हास्पिटल में आए सभी मरीजों एवं उनके परिवार वालों को कोरोना वायरस से बचाव का संदेश दिया गया। मौके पर सभी मरीजों के बीच फ्री मास्क का वितरण किया गया। डॉक्टर संजय ने लोगों को बताया कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए अपने चेहरे पर मास्क जरूर लगाएं। इसके साथ ही अपने और आस पड़ोस में रहने वाले लोगों को भी दिन में कम से कम 10 बार हाथ को अच्छी तरह से हेंड वाश से साफ करने के लिए कहें। उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले मरीजों के बीच मास्क का वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मरीज व उनके परिजनों के बीच फिलहाल 5 हजार मास्क लाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर अस्पताल की तरफ से और भी मास्क की आपूर्ति लोगों को फ्री में कराई जाएगी। मौके पर आनंद कुमार, नीतीश कुमार, शंभू कुमार, सुनील कुमार, परमानंद ठाकुर, दिलीप कुमार, मुन्ना, राहुल, मयंक, भुवन, शकुंतला कुमारी, प्रेरणा, निशा, क्लीनिक प्रबंधक राजेश कुमार यादव आदि डॉक्टर को सहयोग करते नजर आए।