बारिश से आवागमन के साथ फसलों पर भी पड़ा असर
बीते शुक्रवार से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने एक तरफ जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है वहीं दूसरी तरफ सड़कों पर आवाजाही भी कम दिख रही है। शनिवार को बारिश के कारण महेशखूंट बाजार के साथ एनएच 31 चौराहे पर वाहनों की संख्या कम देखी गई। रुक-रुक कर हो रही बारिश से बाजारों में सन्नाटा पसरा है। वहीं बन्नी पंचायत के किसान महेश्वर, दिवाकर, दिनकर के साथ दर्जनों किसानों ने बताया कि बारिश से तेलहन और दलहन के फसल को व्यापक क्षति हुई है। किसानों ने बताया कि यदि हवा का रुख बढ़ा तो गेहूं की फसल को भी भारी नुकसान हो सकता है। इधर बारिश के कारण थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग केशव चौक से बन्नी बांध, बाबू बगीचा रोहरी की सड़क कीचड़ से भर चुकी है। इस कारण लोगों के इन रास्तों पर पांव पैदल भी चलना मुश्किल हो रहा है। वहीं बीते शुक्रवार से पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति पर भी विपरीत असर पड़ा है।