- Hindi News
- National
- Khagaria News Secondary Teachers Association Is Not Afraid Of The Government39s Jackal Fury Vishnudev Yadav
सरकार की गीदड़ भभकी से डरने वाला नहीं है माध्यमिक शिक्षक संघ : विष्णुदेव यादव
खगड़िया माध्यमिक शिक्षक संघ के भवन में 17वें दिन भी धरना जारी रहा और हड़ताली शिक्षक अपनी मांगों पर डटे रहे। गुरुवार को माध्यमिक शिक्षक संघ के धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के खगड़िया अनुमंडल अध्यक्ष सुरेश प्रसाद यादव ने की। माैके पर शिक्षकों को संबोधित करते हुए संघ के जिला सचिव विष्णुदेव प्रसाद यादव ने कहा कि हम सरकार की गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। एफआईआर अाैर निलंबन हमारे शृंगार हैं। सरकार को सकारात्मक वार्ता कर समझौता करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सारे विद्यालयों में ताले लटके हुए हैं। खगड़िया जिला माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों की विशेषता यही है कि आज तक एक भी नियोजित शिक्षक ने मूल्यांकन कार्य में योगदान नहीं दिया है। यह हमारी चट्टानी एकता का परिचय है।
उन्होंने कहा कि आज शिक्षा विभाग के डीपीओ स्थापना को एक आवेदन देकर शिक्षकों को कार्य अवधि के वेतन भुगतान करने की मांग की गई। शुक्रवार 13 मार्च को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना खगड़िया से मिलकर कार्य अवधि का वेतन भुगतान करने की मांग की जाएगी। धरना कार्यक्रम की शुरुआत अभियान गीत से की गई। शिक्षिका सुलेखा कुमारी ने अभियान गीत गाकर शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। धरना कार्यक्रम को सुलेखा कुमारी, प्रेमलता कुमारी, पिंकी सिंह, सुधा शास्त्री, रेखा भारती, रेनू कुमारी, ऋतंभरा, अरविंद मंडल, राजेश दास, मनोज कुमार, मधुकांत मिश्र, रामविलास यादव, अनुमंडल सचिव अशोक कुमार, डा. नवीन कुमार, राजेश कुमार रजक आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश यादव ने की। हड़ताल व धरना का कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा। 13 मार्च को माध्यमिक शिक्षक संघ की आयोजित धरना में गोगरी प्रखंड के माध्यमिक शिक्षक के अलावा अन्य प्रखंड के शिक्षक भाग लेंगे।
शिक्षकों के धरना को संबोधित करते वक्ता।