पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Alauli News Uncontrolled Bike Crashed Into Tree Brother In Law Died On The Spot Brother In Law Also Succumbed During Treatment

पेड़ से टकराई अनियंत्रित बाइक, मौके पर जीजा की हुई मौत, इलाज के दौरान साला ने भी तोड़ा दम

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

तेज रफ्तार के शौक ने होली के दिन जिले में तीन युवकों की जान ले ली। इससे पीड़ित परिवार में होली की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गई। हादसों में अलौली थाना क्षेत्र में जीजा-साला और मानसी थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अलौली थाना क्षेत्र के इचरूआ निवासी स्व. रामबलिहारी राय के 32 वर्षीय पुत्र गिरीश कुमार व भिखारी घाट के बुढ़वा गांव निवासी स्व. रामबदन यादव के 35 वर्षीय पुत्र दिनकर यादव होली के मौके पर मंगलवार को बिना नंबर की बाइक से इचरूआ से बुढ़वा गांव जा रहे थे। अलौली स्थित पेट्रोल पंप के समीप हाईस्पीड बाइक सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक चला रहे गिरीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पीछे बैठे दिनकर यादव को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार को सदर अस्पताल से बेगूसराय ले जाने के क्रम में दिनकर यादव की भी मौत हो गई। दोनों मृतक आपस में जीजा-साला थे। एक परिवार में दो-दो मौत से होली की खुशियां मातम में तब्दील हो गई।

स्पीड ब्रेकर पर कम नहीं की रफ्तार, खंभे से टकराई बाइक


मानसी | मानसी थाना क्षेत्र के चुकती निवासी उमेश यादव के घर में होली का उमंग उस समय मातम में बदल गया, जब बाइक दुर्घटना में उमेश यादव के 22 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार की मौत की खबर मिली। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-चीत्कार मच गया। मंगलवार को चुकती ढाला रेलवे गेट संख्या एक के समीप लोहे के खंभे से बाइक के टकराने से मनीष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह लाल रंग की अपाचे बाइक से मानसी से चुकती की ओर जा रहा था। उसने स्पीड ब्रेकर होने के बावजूद भी अपने बाइक की रफ्तार कम नहीं की और सीधे लोहे के खंभे से टकरा गया। इससे कुछ ही क्षण में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर परिजन एवं ग्रामीण शव को उठाकर घर ले गए, जिसके बाद होली केे मौके पर परिजनों की चीखें गूंजती रही। बुधवार को मानसी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से पूरे चुकती गांव में होली के मौके पर माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया।

ट्रेन से गिर कर अज्ञात युवक की मौत

महेशखूंट | मानसी व महेशखूंट रेलवे स्टेशन के बीच सपहा ढाला के समीप पोल संख्या 26 बी के आगे साेमवार को ट्रेन से गिरकर एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। वह सोमवार सुबह किसी ट्रेन से गिर गया था। उसे ग्रामीणों नेे महेशखूंट स्थित एक निजी क्लीनिक में इलाज के लिए लाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र तकरीबन 40 वर्ष होगी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना जीआरपी थानाध्यक्ष को दी। जीआरपी थानाध्यक्ष शिवशंकर साहू ने बताया कि मानसी जीआरपी क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण पोस्टमार्टम के बाद शव मानसी जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया।

डूबने से 18 वर्षीय युवक की हुई मौत

बेलदौर | मंगलवार को 18 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत होने के बाद महदीपुर बासा गांव में होली की खुशियां मातम में बदल गई। कुर्बन पंचायत के महदीपुर बासा निवासी 18 वर्षीय धीरज कुमार पिता शंकर सिंह शौच के लिए तालाब किनारे गया था। पानी लेने के दौरान पांव फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। तैरना नहीं आने से उसकी डूबने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों नेे युवक को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे पीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताते चलें कि एक माह पूर्व ही एक सड़क दुर्घटना में मृतक की बहन व 8 माह की भांजी की भी मौत हो गई थी।

कार की ठोकर से घायल युवक की इलाज के दौरान हुई मौत

खगड़िया | बीते 6 मार्च की रात खगड़िया- सोनमनकी रोड पर गुलाबनगर के समीप एक अनियंत्रित कार की ठोकर से घायल हुई 17 वर्षीय युवती गौरी कुमारी की मौत इलाज के दौरान मंगलवार को हो गई। मृतका गौरी बाजार समिति स्थित पटेल नगर वार्ड संख्या 2 निवासी पवन महतो की पुत्री थी। घटना की रात वह पड़ोस में एक भोज में शामिल होकर परिजनों के संग वापस आ रही थी। इस दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अल्टो कार ने उसे टक्कर मार दी थी। युवती को ठोकर मारने के बाद कार ने सड़क किनारे खड़ी एक अन्य वाहन में भी टक्कर मार दी थी, जिसके कारण कार सवार तीन अन्य लोग भी घायल हो गए थे।

चुकती ढाले के पास हाईस्पीड बाइक लोहे के खंभे से टकराई, घटनास्थल पर ही हो गई नवयुवक की मौत

मानसी में मृत युवक के शव के पास विलाप करते परिजन।
खबरें और भी हैं...