बारिश से सड़कों पर जलजमाव, आवागमन प्रभावित
प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार रात से लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र की विभिन्न सड़कों पर जलजमाव हो गया। इस कारण आवागमन में काफी परेशानी हुई। मानसी के एकनियां रोड, काली स्थान रोड होते हुए राजाजान तक, मानसी बाजार, बलहा ग्रामीण बैंक के सामने, सैदपुर पटेल चौक, छोटी बलहा मुख्य मार्ग में घुटने भर पानी लग जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिक पानी व कीचड़ से पैदल यात्री सहित वाहन चालकों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। इधर सैदपुर गेट से सैदपुर गांव होते हुए अमनी तक जर्जर सड़क पर भी काफी मात्रा में जलजमाव हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इन जगहों पर पानी सूखने में अब सप्ताह भर का समय लगेगा। अगर बारिश होना बंद होती है तो लोग पंपसेट लगाकर सड़कों से पानी को किसी गड्ढ़े में डालते हैं, नहीं तो पानी सप्ताह भर से अधिक दिनों तक जमा रहता है। बलहा के राजीव कुमार, संतोष कुमार, रतन सिंह, मृत्युंजय कुमार सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि बलहा में सड़कों से पानी निकासी की सुविधा नहीं रहने से हल्की बारिश में भी पानी जम जाता है। जिसे थक-हारकर लोग पंपसेट की मदद से निकालते हैं। उन्होंने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिसको लेकर सड़क के दोनों किनारों पर मिट्टी भड़ाई करवाया गया है और बारिश में मिट्टी पानी में घुल जाने से सड़क पर कीचड़ फैल गया है। जबकि संबंधित ठेकेदार कछुआ गति से काम करवा रहा है। इस बीच लोग परेशानियों से जूझ रहे हैं।
आज पछुआ हवा चलने का अनुमान
मधेपुरा | मधेपुरा जिले में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हाे रही बारिश से आलू, तिलहन तथा गेहूं किसानों को काफी नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। शुक्रवार की रात तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश शनिवार को भी रूक-रूक कर जारी रही। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सचिदानंद झा ने बताया कि 14 मार्च को जिलेभर में औसत बारिश 5.19 एमएम आंकी गई। इस साल 14 मार्च तक कुल 20.24 एमएम बारिश का औसत रिकाॅर्ड किया गया। जबकि पिछले साल पूरे मार्च माह में 1 एमएम से भी कम 0.43 एमएम बारिश रिकार्ड की गई थी। 5.19 एमएम बारिश से खेतों में जहां गेहूं तथा तेलहन की फसल गिर गयी है, वहीं आलू की खेत में पानी लग जाने से फसल को नुकसान होने का अनुमान लगाया है। बारिश के पहले गुरुवार को मौसम का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था जो गिरकर 27 डिग्री पर पहुंच गया है। माैसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे तक जिला मुख्यालय समेत जिले के अन्य भागों में लगभग चार एमएम बारिश हो सकती है। साथ ही 8-10 किमी प्रतिघंटा की दर से पछुआ हवा चलने का अनुमान है।
बलहा में सड़क पर जमे पानी से गुजरते वाहन।