शाम होते ही गोगरी में सक्रिय हो जाते हैं शराब माफिया
शराबबंदी के कड़े कानून के बावजूद जिले में अवैध शराब का कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है। जगह-जगह शराब की खरीद-बिक्री और सेवन करने वालों को देखा जा सकता है। खासकर गोगरी थाना क्षेत्र में शराब पीने व पिलाने वालों की सक्रियता ज्यादा ही देखी जाती है। गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार, कुर्मी टोला, छोटी चक, गोगरी कुंडी, मथुरापुर, शिशवा, शिरनियां, शेरगढ़ आदि गांवों में शराब बेचने वालों की कमी नहीं है। ऐसे गांव में कई युवा अवैध शराब के धंधे को अपना रोजगार बना चुके हैं। जबकि पुलिस ऐसे कारोबारियों तक नहीं पहुंच पा रही है।
गौरतलब है कि सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार दिलाने तथा शिक्षा के प्रति जागृत करने के लिए तरह-तरह की योजनाओं का संचालन कर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। लेकिन जिले के हर गांव में कई युवा शराब स्मगलिंग को ही अपना रोजगार बना लिया है। हालांकि समय-समय पर पुलिसिया कार्रवाई में ऐसी जगहों से शराब की बरामदगी भी होती रही है। लेकिन इससे कारोबार पर कोई असर नहीं पड़ता है।