कर्मियों के कमी के कारण अंचल कार्यालय का कार्य ठप
अंचल कार्यालय में सहायकों के कमी के कारण जनहित के काम सहित नजारत का काम भी ठप चल रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अंचल के कार्य से आने वाले लोगों को हर रोज कार्यालय का चक्कर काटना पड़ता है। अंचल के कार्य निष्पादन के लिए महज एक सहायक तैनात हैं। महज एक सहायक के भरोसे अंचल कार्यालय चल रहा है। यहां तक कि अंचल में नजारत का काम भी सहायक के बगैर सफर कर रहा है। जिसके कारण जमीन नापी की फाइलें, अगलगी की घटना के लाभार्थियों को दिये जाने वाली सहायता राशि भुगतान की फाइलें, राजस्व राशि का संग्रह, भूमि विवाद के मामले, आरटीआई के मामले, कोर्ट के मामले आदि फाइलों का निष्पादन बाधित चल रहा है। वहीं अंचलाधिकारी को दो दो अंचल का प्रभार रहने से अंचल का कार्य कच्छप गति में आ गया है। अंचल कार्यालय में कार्यों के बाधित रहने से अंचल के लोगों द्वारा प्रशासनिक लचर व्यवस्था पर आक्रोश जताया जा रहा है। आमजनों की मानें तो आक्रोशित जनता प्रशासनिक व्यवस्था के खिलाफ कभी भी आंदोलनकारी रूख अख्तियार कर सकते हैं। बताया जाता है कि अंचल में पदस्थापित पूर्व के सहायक को पहले जिला में प्रतिनियुक्त करने के बाद में अचंल में पदस्थापित किया गया था जो चौथम अंचल में नजारत एवं अन्य कार्य संभाल रहे थे। लेकिन अब उन्हें एसडीओ कार्यालय में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है।
चौथम का प्रखंड सह अंचल कार्यालय।