पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kishanganj News Administration Cautious About Corona No Sale Of Fish And Meat In The Open

कोरोना को लेकर प्रशासन सतर्क खुले में मछली व मांस की बिक्री नहीं

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

एमजीएम में 20 बेड अाैर सदर अस्पताल में पांच बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार

जिला पदाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार की देर शाम कोरोना वायरस जिला समन्वय समिति सह टास्क फोर्स की बैठक हुई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारी के प्रति संवेदनशील रहें। उन्होंने कहा कि आज से खुले में मीट-मुर्गा की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। जिला पशुपालन पदाधिकारी को इसे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया गया। सभी विद्यालयों में हाथ धुलाई की आदत के प्रति बच्चों को प्रेरित करने का निर्देश जिला पदाधिकारी ने दिया। बच्चों को छींकते या खांसते समय मुंह पर रुमाल रखने के प्रति भी जागरूक करने को कहा गया। सभी सीडीपीओ को जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में भी जगरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया गया। जिले के सभी सार्वजनिक स्थलों पर कोरोना वायरस से बचाव के लिए पंपलेट व होर्डिंग्स लगाए जाएंगे।

कार्यपालक पदाधिकारी को नगर परिषद व नगर पंचायत की रेगुलर साफ-सफाई करने की जिम्मेदारी दी गयी। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सीमा के सभी ट्रांजिट प्वाइंट पर आने जाने वालों की गहन जांच व स्क्रीनिंग निरंतर जारी रहे। उन्होंने कहा कि एमजीएम में 20 बेड का एवं सदर अस्पताल में पांच बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार है। जिले में एम 95 मास्क की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अस्पताल में संचालित नियंत्रण कक्ष के नंबर 06456-222375 का व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया गया। पंचायती राज पदाधिकारी को सभी पंचायतों में ग्राम सभा आयोजन कर कोरोना से बचाव की जानकारी देने को कहा गया। बैठक में डीएम डॉ. आदित्य प्रकाश, एसपी कुमार आशीष, सिविल सर्जन डॉक्टर रफत हुसैन, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुंदन कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद मंजूर आलम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनवारुल इस्लाम, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉक्टर निरंजन कुमार, डीपीआरओ राघवेन्द्र कुमार मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...