- Hindi News
- National
- Dighalbank News Forgetting Grievances They Will Bring Color On Each Other Celebrate By Singing Jogira
गिले-शिकबे भुलाकर लाेगाें ने डाले एक दूसरे पर रंग, जोगीरा गाकर मनाई हाेली
उत्साह और उमंग से भरा होली का त्योहार पूरे प्रखंड क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। मंगलवार की सुबह से दिन भर लोगों ने आपसी भेदभाव भुलाकर साथ मिलकर एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाया और गले मिलकर होली पर्व मनाया। इस मौके पर छोटे ने अपने से बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया एवं पकवानों का मजा लिया तथा एक दूसरे को होली की मुबारकबाद दी। पूरे प्रखंड क्षेत्र में होली पर्व शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर होली की पूर्व संध्या दिघलबैंक, गन्धर्वडांगा थाना पुलिस और एसएसबी जवानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया और लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से होली पर्व मनाने की अपील की। इस दौरान दिघलबैंक में थाना प्रभारी आरिज एहकाम, एसआई सुबोध कुमार और भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 12वीं बटालियन एफ कंपनी दिघलबैंक बीओपी के इंस्पेक्टर घनश्याम छिम्पा, कोढ़ोबाड़ी थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष नीरज कुमार निराला, गन्धर्वडांगा थाना क्षेत्र में एसआई हरे राम और 19वीं बटालियन एसएसबी के एफ कंपनी धनतोला के प्रभारी एसआई किशोर प्रताप करुणेश के अलावा जवानों के साथ मिलकर मार्च निकाला। बुधवार को होली पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रखंड क्षेत्र में लगातार तीनों थाना की पुलिस और सीमावर्ती क्षेत्रों में एसएसबी के जवान गश्त कर रहे थे।
होली के गानों पर लाेगाें ने जमकर लगाए ठुमके
कोचाधामन | आपसी भाईचारे और रंगों का त्योहार होली का उत्साह मंगलवार को हर आम व खास में नजर आया। हर कोई त्योहार की खुमारी में डूबा रहा। सुबह से ही बच्चों की टोली हाथों में पिचकारी लिए होली खेलने में मशगूल हो गये थे। युवा भी पूरे उत्साह के साथ टोली में होली खेलने के लिए निकले हुए थे। प्रखंड बाजारों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं की टोली घूम-घूमकर एक-दूसरे को जहां रंग लगाते देखे गये। वहीं सबों ने होली के गानों पर जमकर ठुमके भी लगाए। पारंपरिक तरीके से कपड़ा फाड़ होली ग्रामीण इलाके में देखने को मिला। इस दौरान युवा एक-दूसरे के कपड़े फाड़ कर होली खेलते दिखाई दिए। दूसरी ओर घरों में महिलाओं व युवतियों ने भी जमकर होली खेली। एक-दूसरे को रंगों से सराबोर करते हुए महिलाएं व युवतियां आपस में जहां गले मिलकर त्योहार की बधाई देती देखी। होली खेलते हुए सेल्फी भी सोशल मीडिया में पोस्ट किए। होली को शांतिपूर्ण तरीके संपन्न कराने के लिए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद दिखे।
लक्ष्मीनारायण मंदिर में हुई फूलों की होली
किशनगंज | शहर के धरमशाला रोड स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में सोमवार की देर शाम जहां लोग होलिका दहन की तैयारी में जुटे थे। वहीं लक्ष्मीनारायण मंदिर में पंडित सूरजभान उपाध्याय के सान्धिय में महिला श्रद्धालुओं द्वारा फूलों की होली खेली गई। दर्जनों की संख्या में शाम के समय भक्तजनों का मंदिर परिसर में जुटान होने लगा। फिर फाग की धून पर होली गीत-संगीत पर युवा और छोटे-छोटे बच्चों ने जमकर झुमते थिरकते हुए फूलों से होली खेली। जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह ही श्री लक्ष्मीनारायण भक्तमंडली द्वारा करीब एक क्विंटल विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूलों का भंडारण किया गया था। इस फूलों की होली का बच्चों सहित महिला भक्तों ने जमकर लुत्फ उठाया। इस फूलों की होली कार्यक्रम को संपन्न कराने में रमेश कुमार, बादल सिंह सहित अन्य कई युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
होली की पूर्व संध्या दिघलबैंक में फ्लैग मार्च करते एसएसबी व पुलिस के जवान।
लक्ष्मीनारायण मंदिर में फूलों से होली खेलती महिलाएं व बच्चे।