- Hindi News
- National
- Dighalbank News Holika Dahan Today Tomorrow Will Be Holi Magistrate Will Monitor 132 Places In The District Remaining Careless
होलिका दहन आज, कल मनेगी होली, जिले में 132 जगहों पर दंडाधिकारी करेंगे निगरानी, रहंे बेफिक्र
होली पर्व शांतिपूर्वक मनाने एवं हुड़दंगियों के बीच दहशत फैलाने को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 12वीं बटालियन की ए कंपनी पलसा बीओपी और कोढ़ोबाड़ी थाना की पुलिस ने रविवार दोपहर बाद थाना क्षेत्र के कुतवाभिट्ठा, लोहागाछी, सिंघीमारी, फुटानीगंज, दुर्गापुर सहित अन्य सीमावर्ती गावों में फ्लैग मार्च किया।
इस दौरान एसएसबी और पुलिस के अधिकारियों ने लोगों से मिल सौहार्दपूर्ण माहौल में एक दूसरे के भावनाओं को समझते हुए आपसी भाईचारा के बीच होली पर्व मनाने की अपील की। साथ ही पर्व के दौरान अफवाहों पर ध्यान नहीं देने हुड़दंगियों व असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए सहयोग की भी अपील की। फ्लैग मार्च में एसएसबी की तरफ से ए कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर पुष्प राज, एसआई उत्तम डेय, एएसआई चंदन दास, राधेश्याम घोष, बीरबल, तासी, डी. लामा, कोढ़ोबाड़ी थाना से एएसआई अरविंद कुमार के अलावे करीब दो दर्जन जवान और पुलिस बल मार्च में शामिल थे।
हुड़दंगियों पर रहेगी नजर
होली को लेकर जिला प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा का इंतजाम किया है। सभी संवेदनशील जगहों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात किए गए है। मजिस्ट्रेट आदित्य प्रकाश ने निर्देश दिया है कि कानून को हाथ में लेने वालों से प्रशासन सख्ती से निपटेगी। साधारण घटनाओं को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया गया है। आपराधिक व दागदार छवि वाले लोगों पर धारा 107 की कार्रवाई भी की गई है। सोशल मीडिया पर भ्रामक व धार्मिक उन्माद फैलाने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है।
होली में डीजे बजाने वालों पर होगी कार्रवाई
दिघलबैंक| होली सौहार्द्रपूर्ण मनाने को लेकर रविवार को दिघलबैंक थाना में स्थानीय बाजारों के डीजे वालों को थाना बुलाकर डीजे नहीं बजाने का सख्त निर्देश दिया। थानाध्यक्ष आरिज रहकाम ने डीजे वालों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि होली पर्व के दौरान पूरी तरह से डीजे बजाने और अश्लील गानों पर पूर्ण पाबंदी रहेगा। थाना क्षेत्र में कही भी डीजे बजाते हुए पकड़ा गया तो जब्त करते हुए कार्यवाही की जायेगी।
भाईचारे के साथ मनाएं होली, अफवाहों पर न दें ध्यान
शहर के मुख्य बाजार में सजी रंग और गुलाल की दुकान।
भास्कर न्यूज| किशनगंज
रंगों का त्योहार होली को लेकर बाजारों में उल्लास अपने चरम पर है। सोमवार को होलिका दहन और मंगलवार को होली मनाने की तैयारियां जोरों पर है। इस त्योहार में बननेवाले पकवानों सहित रंग, गुलाल और पिचकारी सहित अन्य सामानों की खरीदारी में लोग जुटे हैं। बाजारों में भी रविवार के बावजूद दिनभर खरीदारों की भीड़ रही। रंग, गुलाल की कई अस्थायी दुकानें बाजार में सज गई हैं, जहां खरीदारों की भीड़ दिनभर देखी गई। दूसरी ओर जिला प्रशासन ने भी रंग के इस त्योहार को सौहार्दपूर्वक मनाए जाने को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली है। विधि व्यवस्था संधारण के साथ ही नकली मिठाइयों की जांच तक के इंतजाम प्रशासन ने किए हैं। डीएम आदित्य प्रकाश ने सिविल सर्जन को मिठाई दुकानों व रेस्टोरेंट में जांच टीम गठित कर लगातार जांच करने का निर्देश दिया है ताकि मिलावटी खाद्य सामग्रियों की बिक्री रोकी जा सके। साथ ही रोज इसकी रिपोर्ट शाम चार बजे तक देने का निर्देश दिया है।
डीएम ने जिले में विधि व्यवस्था संधारण के लिए जिले में 132 जगहों पर दण्डाधिकारी व पुलिस बल को तैनात किया है।किशनगंज थानान्तर्गत 30 जगहों पर, कोचाधामन थानान्तर्गत 16 जगहों पर, बहादुरगंज थानान्तर्गत 11 जगह, दिघलबैंक थानान्तर्गत 12 जगहों पर, ठाकुरगंज थानातंर्गत 35 जगहों पर, पोठिया थानान्तर्गत 15 जगहों पर, टेढ़ागाछ थानान्तर्गत13 जगहों पर दण्डाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। विधि व्यवस्था संधारण के लिए अन्य जिलों से भी पुलिस बल मंगाया गया है।
डीजे और मानक से अधिक ध्वनि वाले यंत्र पर प्रतिबंध
उच्च न्यायालय का हवाला देते हुए डीएम ने 10 बजे रात्रि से सुबह छह बजे तक डीजे व मानक से अधिक ध्वनि वाले यंत्रों पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया है। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रदूषण एक्ट 1986, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण रूल 2000 एवं लाउडस्पीकर एक्ट 1955 एवं सीआरपीसी की धारा 144 के तहत कार्रवाई किया जाएगा। इसे सुनिश्चित करने का आदेश एसडीएम को दिया गया है।
शांतिपूर्ण होली मनाने को लेकर सीमा पर फ्लैग मार्च करते जवान।