- Hindi News
- National
- Kishanganj News Personnel Of Private Finance Company Of Kishanganj Shot Dead By Criminals In Saharsa
किशनगंज के निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मी की अपराधियों ने सहरसा में गोली मारकर की हत्या
होली की छुट्टी के बाद किशनगंज से सहरसा पहुंचे निजी फाइनांस कंपनी के कर्मी 25 वर्षीय युवक पंकज कुमार साह की अपराधियों ने बुधवार रात गोली मार हत्या कर दी। मृतक युवक किशनगंज के कोचाधामन थाना अंतर्गत सिंघिया चकन्दरा गांव का निवासी था। अपराधियों ने पंकज को रात करीब 1 बजे उस वक्त गोली मारी जब वह रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद सीधे गंगजला वीर कुंवर हाई स्कूल के समीप स्थित अपने कंपनी के कार्यालय सह आवास पर पहुंचने ही वाले थे। घात लगाए अपराधियों ने आवास के सामने लगे मुख्य गेट पर पहुंचने से ठीक पहले ही गोली मार दी। हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। लेकिन हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। क्योंकि अपराधियों ने गोली मारने से पहले किसी तरह की लूटपाट नहीं की।
गोली लगने के बाद कुछ देर तक पंकज आवास के सामने मुख्य गेट खोलने के लिए आवाज लगाता रहा। आवाज सुनने के बाद मकान मालिक सेवानिवृत शिक्षक हरदेव प्रसाद सिंह ने सहयोगियाें की मदद से घायल कर्मी को बाइक से सदर अस्पताल लाया। डाक्टर ने इलाज करने की बजाय उसे एक निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसी दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। खबर मिलते ही चाय दुकान चलाकर गुजारा कर रहे मृतक के पिता कृष्ण देव साह प|ी के साथ सहरसा पहुंचे। गुरुवार की दोपहर पुत्र का शव पोस्टमार्टम कराने के बाद ले गए। सूचना के बाद सदर थानाध्यक्ष आर के सिंह दल बल के साथ घटनास्थल वीर कुंवर सिंह स्कूल के पास स्थित उस आवास पर पहुंच गए जहां फाइनांस कंपनी सैटिंग क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड का कार्यालय है।
गोली लगने के बाद देर तक चिल्लाता रहा पंकज सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने नहीं किया इलाज
मृतक के पिता किशनदेव साह ने बताया पंकज 17 सितंबर 2018 से सैटिंग क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड कंपनी में कार्यरत था। कंपनी का कार्यालय सहरसा शहर के गंगजला वीर कुंवर सिंह उच्च विद्यालय के समीप सेवानिवृत शिक्षक के आवास में है। इसी कार्यालय में कर्मी का आवास भी है। होली में घर आया था। काम पर जाने की बात बता बुधवार को ही गांव से निकला था। गुरुवार की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके पुत्र की हत्या गोली मार कर की गयी है। ऑफिस परिसर में ही कंपनी के मेनेजर एखलाक आलम, एरिया मेनेजर सुनील कुमार यादव के साथ पंकज कुमार साह भी रहा करता था। एरिया मैनेजर सुनील ने बताया कि गुरुवार की देर रात पंकज कुमार साह मेन गेट पर आकर चिल्लाने लगा कि दरवाजा खोलिए हमको गोली मार दिया है। हल्ला पर मकान मालिक के साथ युवक को जख्मी हालत में गेट पर गिरा देख उसे बाइक पर बैठा कर इलाज के लए सदर अस्पताल आए। वहां कर्मचारियों ने सूर्या हॉस्पिटल ले जाने की सलाह दी। सूर्या हॉस्पिटल ले जाने के क्रम में रास्ते में सदर थाना की गश्ती गाड़ी मिली। पुलिस के साथ जब वे हॉस्पिटल पहुंचे तो चिकित्सकाें ने उसकी मौत की पुष्टि की।
मृतक कर्मी पंकज कुमार साह के शव के पास विलाप करते परिजन। गंगजला स्थित फाइनांस कंपनी का कार्यालय जिसके बाहर हुई घटना।
शक की सूई सहयाेगियाें पर
सदर थानाध्यक्ष ने कहा कि हत्या के कारणों पर जांच हो रही है। फाइनांस कर्मी की हत्या लूट के इरादे से नहीं हुई है। लेकिन हत्या का तार सहरसा या उसके किशनगंज स्थित घर से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार पंकज कुमार साह बुधवार को अपने घर सिंघे चकन्दरा किशनगंज से ट्रेन से सहरसा आया था। रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद उसने सहरसा कार्यालय में अपने सहयाेगी आशीष आनंद काे गेट खोलकर रखने को भी कहा था। लेकिन जब वह गेट पर पहुंचा फिर भी मुख्य दरवाज़ा नहीं खुला था। इसी बीच वहां मौजूद अपराधियों ने गोली मार दी। पुलिस मृतक कर्मी के सहयोगी अररिया जिले के रानीगंज थाना अंतगर्त बेलसारा गांव के आशीष आनंद के मोबाइल को खंगालने में जुटी है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा तो नहीं है इस पर भी पुलिस जांच में जुट गई है।
पुरानी रंजिश में हत्या की अाशंका, पुलिस मामले की कर रही है जांच