प्रशांत और भूमि बने जूनियर शतरंज के चैंपियन
इंडोर स्टेडियम डुमरिया में रविवार को जूनियर खिलाड़ियों के लिए जिला शतरंज संघ द्वारा एक निशुल्क शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन जीबीएम स्कूल के सौजन्य से किया गया। इसमें वर्ग 7 से कॉलेज तक के विभाग में प्रशांत भारद्वाज चैंपियन बने जबकि वर्ग 1 से 6 तक के विभाग में सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्रा भूमि प्रिया ने बाजी मारी। इस प्रतियोगिता के सीनियर विभाग में प्रशांत के बाद क्रमशः मुकेश कुमार, रोहन कुमार, दिव्यांशु सिंह एवं अनंत मित्तल ने जगह बनाई। जूनियर विभाग के शीर्ष के 10 स्थानों पर क्रमशः भूमि प्रिया, मोहम्मद अमानुल्लाह, मानस कुमार, आदित्य सिंह, आर्यन राज आनंद, प्रतीक बिहानी, पलचीन जैन, आयुषी साहा, प्रतिक साहा एवं साबियां परवीन काबिज हुए। कार्यक्रम का उदघाटन उक्त विद्यालय के चेयरमैन अनिल कुमार सिंह ने किया। मौके पर उन्होंने कहा कि छात्रों के मानसिक विकास एवं स्वस्थ मनोरंजन के लिए यह एक सशक्त माध्यम है। इस प्रकार के प्रयासों को समाज में बढ़ावा मिलना चाहिए।
मैनेजर अतुल रोशन ने कहा कि छात्रों के लिए यह काफी उपयोगी खेल है। मंच पर उपस्थित विद्यालय के उपाचार्य सैयद जयघम मिर्जा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल के माध्यम से हमें व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त होता है। जो सिर्फ किताबों में उलझे रहने से संभव नहीं। सभी विजेताओं को जीबीएम स्कूल की ओर से विद्यालय के उपाचार्य जैघम मिर्जा द्वारा पुरस्कृत किया गया। मौके पर शतरंज संघ के महासचिव शंकर नारायण दत्ता, संयुक्त सचिव सुधांशु सरकार, गृहणी दिव्या कर्मकार सहित कई अभिभावकगण मौजूद थे।
विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते अतिथि व मौजूद अन्य।