उपचुनाव को लेकर सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश ने पंचायत उप निर्वाचन को लेकर एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। मतदान 18 मार्च को होगा। मतदान के दिन विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए गश्ती दल, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल दण्डाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है। जिले के चार प्रखंडों में कुल सात पदों के लिए चुनाव होगा। जिला पदाधिकारी ने सभी सेक्टर दण्डाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में पड़ने वाले भेद्य, क्रिटिकल एवं कमजोर वर्ग के मतदाताओं से संपर्क करने का निर्देश दिया है। साथ ही आश्वस्त होने को कहा गया है कि उनके मतदान के अधिकार का हनन करने की कोशिश तो नहीं हो रहा। अभ्यर्थी द्वारा मतदाताओं को डराया धमकाया तो नहीं जा रहा है। मतदान के दिन किसी भी प्रत्याशी के द्वारा मतदान केंद्र के दो सौ मीटर की परिधि में न तो प्रचार प्रसार और न ही उनका वाहन प्रवेश कर सकेगा। जिला पदाधिकारी ने साफ कहा है कि कर्मी किसी भी परिस्थिति में प्रत्याशी का आतिथ्य स्वीकार नहीं करेंगे।