ठाकुरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष का फैसला 13 को
होली बीतने के बाद फिर एक बार ठाकुरगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष के लिए शाह-मात का खेल आरंभ हो चुका है, जिसका फैसला 13 मार्च को जिला में मतगणना के बाद होगा। लेकिन अभी से पूर्व नगर अध्यक्ष देवकी अग्रवाल और उपमुख्य पार्षद प्रमोद चौधरी के खेमों में पार्षदों के लामबंद होने की चर्चा जोरों पर है। 12 पार्षदों के ठाकुरगंज नगर अध्यक्ष पद के लिए कई राजनीति दिग्गज भी पर्दे के पीछे रहकर अपनी चाले चल रहे है। ताकि आने वाले समय में उनका राजनीति हित हो सके। लेकिन नगर अध्यक्ष पद के लिए शाह-मात का खेल चरम पर है। जिसका नतीजा 13 मार्च को आएगा। गौरतलब है कि 17 फरवरी को उपमुख्य पार्षद प्रमोद चौधरी के नेतृत्व में छह पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पर मोहर लगाकर नगर पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी खाली की थी। जिसके बाद कार्यपालक पदाधिकारी अतीउर रहमान ने प्रपत्र क देकर सभी पार्षदों को जिला के रचना भवन में 13 मार्च को मतदान के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया था। तब से ही अध्यक्ष पद के लिए शाह-मात का खेल आरंभ है।