कार व बाइक की टक्कर में दो युवक हुए घायल
बुधवार की देर शाम दिघलबैंक-बहादुरगंज मुख्य सड़क स्थित चौधरी बस्ती के समीप कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों को स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिघलबैंक ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों युवकों की स्थिति गंभीर देखा बेहतर इलाज के लिए किशनगंज रेफर कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार घायल बाइक सवार युवकों की पहचान फुलबन तुलसिया निवासी 19 वर्षीय आशीष बास्की पिता बिनोद बासकी और 20 वर्षीय विजय सोरेन पिता पलटन सोरेन के रूप में की गयी है। स्थानीय लोगों से घटना की मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात करीब 9 बजे तुलसिया चौधरी बस्ती के समीप कार और बाइक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जाेरदार थी कार के आगे का एक टायर फट गया और बाइक के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को दिघलबैंक थाना की पुलिस अपने कब्जे में ले कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।