- Hindi News
- National
- Lakhisarai News Early School Examination And Health Workers39 Leave Canceled Due To Fear Of Corona
कोरोना के डर से प्रारंभिक स्कूलों की परीक्षा व स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टी रद्द
{बिहार दिवस समारोह भी किया गया स्थगित, मुख्य सचिव के आदेश के बाद डीएम ने जारी किया आदेश
कोरोना वायरस के कुप्रभाव से आम जनमानस को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। शुक्रवार को मुख्य सचिव दीपक कुमार एवं पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडे ने सभी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना वायरस से उत्पन्न स्थिति की जिला वार समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देश पर डीएम शोभेन्द्र कुमार चौधरी ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालय, कॉलेज, एएनएम, जीएनएम स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, सिनेमा हॉल सहित अन्य शिक्षण संस्थान आगामी 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश जारी किया है।
डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए इसे सुनिश्चित कराने को कहा है। कोराना वायरस को लेकर 22 मार्च को आयोजित होने वाले बिहार दिवस समारोह को भी ऐहतियात के तौर पर स्थगित कर दिया गया है। साथ ही पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित किए जाने वाले विशेष ग्रामसभा को भी स्थगित किया गया है। डीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में मिले निर्देश के संबंध में बताया कि 31 मार्च तक की अवधि में कोई भी सरकारी समारोह, प्रशिक्षण अथवा कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। साथ ही, स्थानीय स्तर के परीक्षाओं को ही तत्काल इस अवधि तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि इस अवधि में स्कूलों में मध्यान्ह भोजन नहीं बनेगा, आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित किए जाने वाले टीएचआर लाभुकों को उनके घर पर मुहैया कराने की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलने वाले रूटीन इम्यूनाइजेशन का काम यथावत चलेगा।
प्रांरभिक स्कूलों में मूल्यांकन आधारित परीक्षाएं स्थगित
प्रारंभिक स्कूल में मूल्यांकन परीक्षा की पूर्व घोषित कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। 16 से 19 मार्च तक पांचवी एवं आठवीं का मूल्यांकन एवं 26 से 30 मार्च तक पहली से चौथी एवं छठी एवं सातवीं का मूल्यांकन निर्धारित किया गया था। कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी सरकारी स्कूलों में अगले आदेश तक वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा स्थगित कर दी गई है।
आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चे नहीं आएंगे, गर्म पोषाहार उनके घरों में पहंुचेगा
बच्चे पढ़ने के लिए फिलहाल आंगनबाड़ी केन्द्र नहीं जाएंगे। गर्म पोषाहार घरों पर ही मिलेगा। बच्चों के पोषाक उनके अभिभाकों को दिया जाएगा। डीएम ने सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सभी चिकित्सकों, कर्मियों, पारा मेडिकल स्टाफ सहित सभी पदाधिकारियों की छुट्टियां 31 मार्च तक रद्द कर दी गई हैं।
पंचायत स्तरीय कर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश
डीएम ने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मनरेगा, विकास मित्र, जीविका सहित अन्य पंचायत स्तरीय कर्मियों को इस बात के लिए सजग एवं सतर्क किया जाए कि उनके पोषक क्षेत्रों में बाहर से आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखें। यदि बाहर से आने वाले ऐसे लोगों को सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार अथवा सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हो, तो वैसे मरीजों को संबंधित कर्मी सदर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लेकर आएं या तत्काल सदर अस्पताल को सूचित करें, ताकि एतिहात के तौर पर उनका ब्लड सैंपल लेकर स्थिति पर निगरानी रखी जा सके।
कोरोना वायरस से उत्पन्न स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन कोरोना वायरस से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए बिल्कुल तैयार है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि लखीसराय जिला में अब तक कोरोना वायरस का एक भी मरीज नहीं पाया गया है।