15 मार्च को होने वाले बाइपास का उद्घाटन टला, फिलहाल जाम से मुक्ति नहीं
बाइपास के निर्माण से उद्घाटन तक कई तारीखें हुई फेल, अब पूरी तैयारी के बाद फिर से लगा विराम
बाइपास का उद्घाटन एक बार फिर से टल गया है। 15 मार्च को बाइपास का उद्घाटन पूर्व से प्रस्तावित था। ठीक सात दिन बाद मुख्यमंत्री के हाथों बाइपास का उद्घाटन होना था। उद्घाटन तारीख की घोषणा होते ही शहर के लोग 15 मार्च के आने का इंतजार कर रहे थे। उद्घाटन की तिथि टलने से लोगों में निराशा छा गई।
क्षेत्रीय सांसद राजीव रंजन ललन ने हाल ही में प्रेस कांफ्रेंसिंग कर चिर प्रतीक्षित बाइपास के उद्घाटन तिथि की घोषणा की थी। बाइपास के उद्घाटन की तारीख घोषित होते ही जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गई थी। मुख्यमंत्री के सभा स्थल शहर के केआरके हाई स्कूल मैदान की डीएम एवं एसपी ने कई बार निरीक्षण भी किया। उद्घाटन की तारीख टलते ही जिला प्रशासन की गतिविधि सुस्त पड़ गई। बाइपास का उद्घाटन क्यों और किस कारण से टला इसका खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन यह तय है कि बाइपास के रूप में होली की सौगात शहरवासियों को नहीं मिलेगी। हालांकि बाइपास उद्घाटन के लिए पूरी तरह से तैयार हो गया है। निर्माण के बाद बाइपास का रंग रोगन भी किया गया। जब उद्घाटन की उल्टी गिनती शुरू हुई तो उद्घाटन पर फिर से विराम लग गया।
सांसद राजीव रंजन ललन ने प्रेस कांफ्रेंस कर 15 मार्च को मुख्यमंत्री के हाथों बाइपास उद्घाटन करवाने की घोषणा की थी
7. 260 किलोमीटर
बाइपास की लंबाई
निर्माण से उद्घाटन तक टलती रही तारीखें
बाइपास के निर्माण से उद्घाटन तक की तारीखें कई बर टलती रही। 22 जून 2013 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इस ड्रीम प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया था। अगस्त 2015 में इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित था। निर्माण कार्य पूरा करने की तारीखें बार बार बढ़ती रही। परियाेजना के पूरा होने में कभी रेलवे का अडंगा तो कभी विभाग की सुस्ती के चलते पूरा नहीं हो सका। 2019 के दिसंबर में आरआेबी पर गार्डर लॉचिंग का काम पूरा हुआ तो फिर आरडब्ल्यूडी का काम सुस्त पड़ गया। अब जब बाइपास का काम पूरा हुआ तो उद्घाटन की तारीख तय हुई और 15 दिनों के भीतर टल भी गई। शहर को फिलहाल जाम की समस्या से मुक्ति नहीं मिलने वाली है। बाइपास के उद्घाटन में एक बार फिर से विराम लग गया है। बाइपास के उद्घाटन की तारीख तय होने से शहरवासियों में काफी खुशी थी।
सांसद के दावे हुए फेल
सांसद राजीव रंजन ललन के दावे फेल हो गए। बाइपास परियोजना सांसद के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। बाइपास का जल्द पूरा करने के लिए सांसद लगातार विभाग पर दबाव बनाते रहे। उनके दबाव से बाइपास तैयार भी हुआ। सांसद द्वारा 25 फरवरी को दौरे पर आए सांसद ने बाजप्ता प्रेस कांफ्रेस आयोजित कर कहा था कि उनके ड्रीम प्रोजेक्ट का उद्घाटन 15 मार्च को मुख्यमंत्री के हाथों कराया जाएगा।
10 स्टील गार्डर आरओबी को पूरा करने में लगे
1260 मीटर आरओबी की लंबाई-