- Hindi News
- National
- Lakhisarai News Investigation Of Women Police Personnel In Breast Cancer Camp Advised To Take Nutritious Diet
स्तन कैंसर शिविर में महिला पुलिस कर्मियों की जांच, पौष्टिक आहार लेने की दी सलाह
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को लखीसराय पुलिस लाइन के प्रांगण में महिला चिकित्सकों की ओर से महिला पुलिसकर्मियों तथा अन्य महिलाओं में होने वाले स्तन कैंसर और कैंसर की जांच के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, एसडीओ मुरली प्रसाद सिंह, एसडीपीओ रंजन कुमार, डीपीओ कुमारी अनुपमा, डॉ. राजकिशोरी सिंह, डा. विनीता सिन्हा, डा. श्यामसुंदर प्रसाद सिंह एवं डा. प्रवीण कुमार सिन्हा, डा. जेपी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरूआत की।
डॉ. राजकिशोरी सिंह, डा. विनीता सिन्हा सहित अन्य महिला चिकित्सकों ने सैकड़ों महिला पुलिसकर्मियों तथा सामान्य महिलाओं की जांच की। इस अवसर पर महिला चिकित्सकों ने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रुप से सचेत तथा सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि महिलाएं अपने घरेलू कार्य में व्यस्त रहने के कारण अपने स्वास्थ्य की ओर ध्यान नहीं दे पाती हैं। उन्होंने महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने पर भी विशेष बल दिया। पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने महिला पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि ड्यूटी के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य के ख्याल के प्रति भी जिम्मेवार रहें। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को अपने स्वास्थ्य की जांच कराने का निर्देश दिया। डा. राजकिशोरी सिंह ने कहा कि महिलाओं को होने वाले कैंसर का क्योर रेट 93 प्रतिशत है। उन्होंने महिलाओं को बच्चेदानी के कैंसर के प्रति गंभीर रहने की अपील की। डा. विनीता सिन्हा ने महिलाओं में होने वाले स्तन कैंसर के लक्ष्ण और उसके बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जागरुकता सह जांच शिविर में 80 महिलाओं ने हिस्सा लिया, जिसमें पांच महिलाओं का भीआईए टेस्ट पॉजेटिव पाया गया। इस मौके पर काफी संख्या में महिला और पुरूष पुलिसकर्मी के साथ ही अन्य लोग मौजूद थे।
रजिस्ट्रेशन काउंटर पर रजिस्ट्रेशन करातीं महिला सिपाही।
कार्यक्रम में उपस्थित महिला पुलिसकर्मी व अन्य।