- Hindi News
- National
- Lakhisarai News No Need To Panic With Corona Virus Just Need To Take Precaution Dm
कोरोना वायरस से घबराने की जरूरत नहीं सिर्फ ऐहतियात बरतने की जरूरत : डीएम
कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में कोरोना वायरस पर जागरुकता एवं रोकथाम को लेकर जिला स्तर पर गठित जिला टास्क फोर्स की एक बैठक डीएम शोभेन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई। जिसमें डीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है। इस बीमारी से बचाव हेतु सिर्फ ऐहतियात बरतने की जरूरत है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि बुखार, सर्दी, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, नाक बहना आदि इस बीमारी के लक्षण है। यदि हमें बाहर से अथवा विदेशों से आने वाले लोगों में ऐसे लक्षण दिखाई दें, तो उन मरीजों पर हमें विशेष नजर रखने की जरूरत है। ऐसे मरीज पाए जाने पर उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले आएं, ताकि उनका ब्लड सैंपल लेकर स्थिति की संपूर्ण जानकारी ली जा सके।
बैठक में डीएम ने जीविका के परियोजना प्रबंधक को निर्देश देते हुए कहा कि अपने स्वयं सहायता समूह के सदस्यों के बीच कोरोना वायरस के लक्षण एवं उससे बचाव हेतु वांछित जानकारी मुहैया कराएं। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कोरोना वायरस के लक्षण एवं उससे बचाव के तरीकों से संबंधित विशेष प्रचार-प्रसार करने की जरूरत है।
बैठक में थे मौजूद
बैठक में एसपी सुशील कुमार सिंह, डीडीसी विनय कुमार मंडल, डीसीएलआर नीरज कुमार, प्रभारी सिविल सर्जन एवं उपाधीक्षक डॉ. अशोक कुमार सिंह, आईसीडीएस डीपीओ कुमारी अनुपमा, स्वास्थ्य विभाग के जिला प्लानिंग को-ऑर्डिनेटर तथा जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम मो. खालिद, जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक, विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ एवं केयर संस्था के प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
कोरोना वायरस पर रोकथाम के लिए टास्क फोर्स गठित
जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है। जिसमें एसपी, डीडीसी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, डीईओ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना की जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी नामित सदस्य हैं एवं सिविल सर्जन को उक्त टास्क फोर्स समिति का सदस्य सचिव बनाया गया है। बैठक में प्रभारी सिविल सर्जन द्वारा कोरोना वायरस के लक्षण, बचाव एवं सरकार के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई।
सदर अस्पताल में इलाज की विशेष व्यवस्था
बैठक में उपस्थित प्रभारी सिविल सर्जन ने बताया कि सदर अस्पताल में 6 बेड का विशेष वार्ड बनाया गया है ताकि ऐसे मरीजों को निगरानी में रखा जा सके। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि लोगों को इस बीमारी से बचाव हेतु कुछ ऐहतियात बरतने की जरूरत है। जैसे खांसते या छींकते वक्त मुंह को रुमाल या टिशू पेपर से ढ़कें, नाक, आंख, मुंह को छूने से रुकें, साबुन से लगातार हाथ धोएं। किसी भी व्यक्ति को यदि खांसी अथवा सांस लेने में तकलीफ हो तो उससे कम-से-कम 1 मीटर की दूरी बनाए रखें। साथ ही, ऐसे मरीज पाए जाने पर सदर अस्पताल स्थित विशेष वार्ड में उन्हें भर्ती कराएं।
बुखार, सर्दी, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, नाक बहना आदि बीमारी के लक्षण
कोरोना वायरस से बचाव के स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बैठक करते डीएम।