- Hindi News
- National
- Lakhisarai News Sealdah Anand Vihar Express Canceled Once Again For One And A Half Months
सियालदह-आनंद विहार एक्सप्रेस एक बार फिर से डेढ़ महीने के लिए हुई रद्द
13119 एवं 13120 डाउन सियालदह-आनंद विहार एक्सप्रेस छह दिनों के बाद फिर से डेढ़ महीने के लिए रद्द कर दी गई है। यह ट्रेन 2019 के दिसंबर मध्य से ढाई महीने के लिए रद्द कर दी गई थी। रेलवे ने रद्द करने के पीछे कोहरे का कारण बताया था।
इस साल एक मार्च से इस ट्रेन का परिचालन फिर से शुरू किया गया था। छह दिन ट्रेन चली और सातवें दिन से डेढ़ महीने के लिए फिर से रद्द कर दी गई। रेलवे ने इसके पीछे मेंटनेंस बताया है। परिचालन विभाग की मानें तो यह ट्रेन सात मार्च से 46 दिनों के लिए रद्द कर दी गई है। भागलपुर-किऊल सेक्शन की कई ट्रेनें पहले से ही रद्द है।
जमालपुर की ओर से किऊल आने के लिए हावड़ा-गया एक्सप्रेस एवं जमालपुर-गया फास्ट पैसेंजर पिछले 16 दिनाें से रद्द है। सियालदह-आनंद विहार यात्रियों के लिए एक विकल्प था। जमालपुर-गया फास्ट पैसेंजर से नौकरी पेशे से जुड़े दैनिक यात्रियों का आना-जाना होता था।
दैनिक यात्रियों के लिए एक मात्र ट्रेन है ब्रह्मपुत्र मेल। डिब्रुगढ़ से रोजाना दिल्ली के बीच चलने वाली यह ट्रेन सुबह 10.42 में किऊल पहुंचती है। यह ट्रेन कभी भी लेट नहीं होती। अपने निर्धारित समय से पहले ही किऊल पहुंच जाती है। यह ट्रेन कम दूरी की यात्रा के लिए प्रतिबंधित है। 480 किलोमीटर के पहले इस ट्रेन में टिकटों की बुकिंग नहीं होती। छोटे स्टेशनों में इस ट्रेन का ठहराव भी नहीं है।