- Hindi News
- National
- Singheswar News Beginning Of Holi By Giving Color To Abhishek Baba The Townspeople Kept On Enjoying The Offerings
सिंहेश्वर बाबा को रंग-अबीर लगाकर की होली की शुरुआत, प्रसाद पाकर झूमते रहे नगरवासी
जिलेभर में उल्लास के वातावरण में रंगों का पर्व होली मनाया गया। दो दिनों तक चले इस पर्व को लेकर खासकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। सिंहेश्वरवासियों ने अपनी होली की शुरुआत सोमवार को बिहार प्रसिद्ध बाबा सिंहेश्वरनाथ के साथ मंदिर में खेलकर की।
इसे लेकर पंडा समाज, न्यास कर्मियों और सिंहेश्वरवासियों की भीड़ दोपहर दो बजे से ही मंदिर में जमा होने लगी थी। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जब शिवलिंग पर श्रद्धालुओं के द्वारा रंग और अबीर चढ़ाया जाने लगा तो पूरा मंदिर सतरंगी नजर आने लगा। होली मनाने के दौरान बाबा मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करने वालों को रंगों की बौछार से गुजरना पड़ा। क्या आम आैर क्या खास, सभी बाबा के रंग में रंग गए। दो घंटे तक श्रद्धालुओं ने बाबा और आपस में होली खेला।
उसके बाद फिर होली की विशेष पूजा शुरू की गई। बाबा को सबसे पहले दूध-भंगा, काजू, किशमिश, पोस्तादाना, मरीच, केला के साथ सौंफ समेत अन्य कई सामग्री मिलाकर बनाया गया दूघभंगा बाबा काे चढ़ाया गया। उसके बाद फिर से बाबा पर विधिवत रंग और अबीर का लेप लगाया गया। रंग के बाद फूल-बेलपत्र से बाबा को ढंक दिया गया। उसके बाद हर रंग के अबीर के साथ शिवलिंग का रंग बदलता रहा। उसके बाद विधि-विधान के साथ पकवान और कई तरह के फल का भोग चढ़ाया गया और विधिवत आरती कर बाबा के गर्भगृह का पट बंद कर दिया गया। लोग बाबा का प्रसाद पाकर मस्ती में झूमते रहे। मौके पर पुजारी मिथिलेश ठाकुर, सत्येंद्र ठाकुर उर्फ बचनू बाबा, अमरनाथ ठाकुर उर्फ लाल बाबा, प्रेम ठाकुर, बसंत ठाकुर, पप्पू ठाकुर, न्यास प्रबंधक मनोज ठाकुर, सदस्य संजीव ठाकुर, सरोज कुमार सिंह, कन्हैया ठाकुर, वस्त्र व्यापार संघ के अध्यक्ष अरविंद प्राणसुखका, सरपंच राजीव कुमार बबलू, पूर्व उपप्रमुख राजेश कुमार झा, विभाष सिंह, प्रवीण कुमार, धर्मशाला प्रभारी अमरनाथ ठाकुर, बाल किशोर यादव, रंजीत कुमार व अन्य मौजूद थे।
सोमवार को सिंहेश्वर नाथ महादेव को रंग-गुलाल चढ़ाते पुजारी और नगरवासी।