- Hindi News
- National
- Kumarkhand News Case On Isharayan Art Head And Ex Husband On Charges Of 3847 Lakh Embezzlement
~38.47 लाख गबन के आरोप में इशरायन कला की मुखिया और पूर्व पंसस पर केस
इशरायन कला पंचायत के पंचायत सचिव अखिलेश कुमार सिंह ने कुमारखंड थानाध्यक्ष को आवेदन देकर मुखिया और पूर्व पंचायत सचिव पर प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। थानाध्यक्ष को पंचायत सचिव अखिलेश कुमार सिंह ने आवेदन देकर कहा है कि बीडीओ ने अपने कार्यालय ज्ञापांक-272-2, दिनांक- 3 मार्च 2020 एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने अपने कार्यालय आदेश ज्ञापांक- 30/पं. दिनांक-7 जनवरी 2020 के द्वारा पंचायत की वर्तमान मुखिया रानी रंजन एवं पूर्व पंचायत सचिव नवल किशोर चौधरी पर 38 लाख 47 हजार रुपए के गबन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिए हैं।
थानाध्यक्ष से मांग की गई कि गबन के आरोप में मुखिया रानी रंजन और पूर्व पंचायत सचिव नवल किशोर चौधरी पर प्राथमिकी दर्ज कर समुचित कार्रवाई करें। बताया जाता है कि पूर्व पंचायत सचिव नवल किशोर चौधरी 31 मार्च 2019 को रिटायर कर गए। नवल के रिटायर करने के बाद बीडीओ नवीन कुमार सिन्हा के आदेश पर वर्तमान पंचायत सचिव अखिलेश कुमार सिंह ने इशरायन कला पंचायत का प्रभार ग्रहण किया। परंतु रिटायर पंचायत सचिव नवल किशोर चौधरी ने वर्तमान पंचायत सचिव अखिलेश कुमार सिंह को सात निश्चय योजना यथा गली नाली का प्रभार नहीं दिया। बाद में पंचायत सचिव अखिलेश ने बीडीओ नवीन कुमार सिन्हा को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। बीडीओ के आदेश पर पंचायत सचिव अखिलेश ने संबंधित बैंक से संपर्क स्थापित कर डुप्लीकेट बैंक पासबुक और चेक बुक
इश्यू कराया।
बैंक पासबुक मिलान से हुआ गड़बड़ी का खुलासा
बैंक पासबुक मिलान से गड़बड़ी का खुलासा हुआ। पंचायत सचिव ने बैंक पासबुक मिलान के क्रम में पाया कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत पंचायत में संचालित गली नाली योजना में से वित्तीय वर्ष 2016 -17 से 31 मार्च से पूर्व तक ग्राम पंचायत के द्वारा गली नाली योजना मद की राशि संबंधित वार्ड के सात निश्चय योजना क्रियान्वयन समिति के खाते में राशि का हस्तांतरण नहीं कर राशि की निकासी रिटायर पंचायत सचिव नवल किशोर चौधरी स्वयं एवं अपने चहेते के नाम से 38 लाख 47 हजार रुपए की निकासी अवैध रूप से कर गबन कर लिया है। अवैध रूप से पूर्व पंचायत सचिव के द्वारा राशि निकासी कर गबन कर लेने की जानकारी वर्तमान पंचायत सचिव अखिलेश कुमार सिंह ने बीडीओ को लिखित रूप से दी। बीडीओ ने नवंबर 2019 में रिटायर्ड पंचायत सचिव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का पंचायत सचिव को आदेश दिया था। परंतु नवंबर में थानाध्यक्ष कुमारखंड ने प्राथमिकी दर्ज करने से इंकार करते हुए कहा था कि जिला स्तरीय पदाधिकारी के बगैर आदेश का थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकती है। बाद में जब जिला के वरीय पदाधिकारी ने पत्र भेजा तो केस दर्ज किया जा रहा है। थानाध्यक्ष दीपकचंद्र दास ने कहा कि आवेदन के आलोक में केस दर्ज की जा रही है।
कुमारखंड प्रखंड के इशरायन कला पंचायत में संचालित गली नाली योजना में गड़बड़ी का है मामला, बीडीओ ने दिया था केस दर्ज कराने का आदेश
प्रखंड कार्यालय कुमारखंड।